कटनी में बड़ा एक्शन: बिहार से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे थे बच्चे, जीआरपी ने दिखाई तत्परता; 167 का किया रेस्क्यू
पटना-पुणे एक्सप्रेस से 167 बच्चों के रेस्क्यू मामले में कटनी जीआरपी ने जबरन काम कराने की आशंका के चलते 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी नाबालिग बच्चों को कटनी और जबलपुर के अलग-अलग बाल गृहों में सुरक्षित रखा गया है। मामले की जांच तेज कर दी गई है, जो करीब 15 दिनों तक जारी रहने की संभावना है। दरअसल, कटनी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर बाल कल्याण समिति की सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ा ऑपरेशन चलाया। टीम ने बिहार से महाराष्ट्र जा रही पटना-पुणे एक्सप्रेस से एक विशेष समुदाय के बच्चों को उतारकर सुरक्षा निगरानी में लिया। रेल अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में कुल 167 बच्चे थे, जिनमें 165 नाबालिग लड़के और 2 वयस्क युवक शामिल थे। दोनों वयस्कों से पूछताछ के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, सभी बच्चों को बिहार के अररिया जिले से महाराष्ट्र के लातूर ले जाया जा रहा था। शुरुआती पूछताछ में बच्चों ने पढ़ाई के लिए मदरसे जाने की बात कही, लेकिन पहले से मिली सूचना में जबरन काम कराए जाने की आशंका जताई गई थी। पढे़ं:19,810 करोड़ के जनहित व विकास कार्यों को मंजूरी, सागर में 286 करोड़ की सिंचाई परियोजना स्वीकृत रेस्क्यू के बाद सभी बच्चों को आरपीएफ थाने लाकर काउंसलिंग और दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद 81 बच्चों को जबलपुर के बाल गृह भेजा गया। वहीं, 84 बच्चों में से 42 को कटनी के आसरा बाल गृह और 42 को अन्य बाल गृह संस्थानों में रखा गया है, जहां उनकी निगरानी और पूछताछ जारी है। जीआरपी डीएसपी विजय गोठरिया के मुताबिक, बाल कल्याण समिति से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है। कटनी जीआरपी ने 165 नाबालिग बच्चों को जबरन ले जाने के मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 340 और 143(4) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह धाराएं मानव तस्करी और जबरन श्रम जैसे गंभीर अपराधों से जुड़ी हैं। अधिकारियों के अनुसार, बच्चों के दस्तावेज, अभिभावकों की सहमति और उन्हें ले जाने के उद्देश्य की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन मानव तस्करी, बाल श्रम और अन्य संभावित एंगल्स पर जांच कर रहा है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 13, 2026, 18:55 IST
कटनी में बड़ा एक्शन: बिहार से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे थे बच्चे, जीआरपी ने दिखाई तत्परता; 167 का किया रेस्क्यू #CityStates #Crime #Katni #MadhyaPradesh #MpNews #Bihar #Maharashtra #KatniNews #KatniViralNews #KatniLatestNews #KatniCrimeNews #MpViralNews #SubahSamachar
