Haryana: जिंदल पेट्रो गोदाम में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख; मौके पर पहुंचा दमकल विभाग

अंबाला में मंडोर स्थित जिंदल पेट्रो के गोदाम में सोमवार को 9 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। हादसे के बाद आस-पास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड व स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। बताया जा रहा है कि जिंदल पेट्रो के इस गोदाम में पेट्रोलियम उत्पाद, ऑयल व केमिकल से जुड़े सामान का स्टॉक था। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग बहुत तेजी से फैली और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि दमकल कर्मियों को गोदाम के नजदीक जाने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। एहतियात के तौर पर गोदाम में काम कर रहे कर्मचारियों को दूर कर दिया गया है। गोदाम के भीतर रखा लाखों रुपये का माल जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आग लगने का मुख्य कारण अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है, लेकिन प्रथम दृष्टया इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 01, 2026, 07:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Haryana: जिंदल पेट्रो गोदाम में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख; मौके पर पहुंचा दमकल विभाग #CityStates #Ambala #Haryana #SubahSamachar