यूपी के सरकारी अस्पताल का हाल: फर्श पर इलाज, दावों का जनाजा; देखें फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर की तस्वीरें
वायरल के बढ़ते प्रकोप, तेज बुखार और हादसों के बीच शुक्रवार को फिरोजाबाद का सरकारी मेडिकल कॉलेज कराहते मरीजों से खचाखच भर गया। इमरजेंसी, सर्जरी और मेडिसिन वार्ड के सभी बेड फुल हो गए। 30 गंभीर मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर जिंदगी से जंग लड़ रहे थे। वार्डों में कोई जगह नहीं बची और संक्रमण का खतरा बढ़ गया। अस्पताल प्रशासन ने किसी को बिना इलाज नहीं लौटाने की अपनी शपथ पर अडिग रहकर मिसाल पेश की। बेड की किल्लत के बीच डॉक्टरों ने हार मानने के बजाय फर्श और बेंचों पर चादरें बिछवाईं और वहीं ड्रिप लगाकर इलाज शुरू किया। शुक्रवार दोपहर 12 बजे ईडी-3 वार्ड में कृष्णा नगर (थाना उत्तर) निवासी प्रेमदास (50) पहुंचे। सांस लेने में उन्हें तकलीफ थी। बेड न मिलने पर जमीन पर लिटाकर इलाज दिया गया। खैरगढ़ के गांव खैय्यातान निवासी 15 वर्षीय कन्हैया को सड़क हादसे में घायल होने के बाद सीएचसी से रेफर होकर आने पर फर्श पर ही उपचार मिला। जनरल वार्ड में भी सम्राट नगर की मुस्कान (24) और हाजीपुरा की अफसा (12) को एक ही बेड पर भर्ती किया गया। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि वायरल के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सांस फूलने और ऑक्सीजन की जरूरत वाले मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को 1800 मरीज ओपीडी में आए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 12, 2026, 07:19 IST
यूपी के सरकारी अस्पताल का हाल: फर्श पर इलाज, दावों का जनाजा; देखें फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर की तस्वीरें #CityStates #Agra #Firozabad #Etah #Kasganj #Mathura #UttarPradesh #FirozabadMedicalCollege #BedsFull #PatientsOnFloor #SubahSamachar
