PIT-NDPS Act: अलीगढ़ में पहली बार लगा पिट एनडीपीएस, जेल में बंद नशा तस्कर पर पुलिस ने की कार्रवाई
प्रदेश में नशा तस्करी का बड़ा केंद्र बनते जा रहे अलीगढ़ में पहली बार पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। डीएम और एसएसपी की संयुक्त संस्तुति पर जेल में बंद एक आदतन नशा तस्कर को पाबंद कर दिया। एनएसए की तर्ज पर माने जाने वाले इस सख्त कानून के तहत आरोपी को अधिकतम दो वर्ष तक जेल में रखा जा सकेगा। इसके अलावा, पुलिस ने आठ और तस्कर चिह्नित किए हैं, जिन पर ये कार्रवाई होगी। जानकारी के अनुसार, इगलास क्षेत्र के गांव कोका के कोमल सिंह बीते एक साल से नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। नशा तस्करी में आरोपी कोमल सिंह का बार बार जेल जाना और फिर जमानत पर बाहर आने का रिकार्ड भी है। इसी अपराध शैली के चलतेडीएम-एसएसपी की संयुक्त रिपोर्ट पर पहली बार जिले में पिट एनडीपीएस एक्ट का इस्तेमाल करते हुए आरोपी को पाबंद किया गया। पुलिस के मुताबिक, कोमल सिंह के अलावा रोरावर क्षेत्र में पकड़े गए गोधा के अख्तर व क्वार्सी के इजराइल और क्वार्सी से पकड़े गए आफताब उर्फ कप्तान, नवील, अब्दुल्ला, बिलाल, आफताब की दो बेटियों पर भी पिट एनडीपीएस की कार्रवाई की जाएगी। ये सभी आरोपी भी तस्करी के आरोप में जेल में बंद हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि बार बार जेल जाना और फिर जमानत पर बाहर आकर फिर से वही अपराध करना इनकी आदत में शामिल है। इन्हें रोकने के लिए इस सख्त कानून का इस्तेमाल किया गया ताकि अलीगढ़ में बढ़ती नशा तस्करी पर रोक लगाई जा सके। नशा तस्करी और तस्करों के खिलाफ जिले में ऑपरेशन दहन जारी है। पहली बार पिट एनडीपीएस का इस्तेमाल किया है लेकिन अब इसे आगे जारी रखा जाएगा। ताकि तस्करों के खिलाफ सख्ती से निपटा जा सके। पुलिस की कार्रवाई यहां तक सीमित नहीं है। एक तस्कर की 3.33 करोड़ की संपत्ति को जब्त भी किया है।- नीरज जादौन, एसएसपी
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 23, 2026, 12:06 IST
PIT-NDPS Act: अलीगढ़ में पहली बार लगा पिट एनडीपीएस, जेल में बंद नशा तस्कर पर पुलिस ने की कार्रवाई #CityStates #Aligarh #PitNdpsAct #FirstTimeInAligarh #AligarhPolice #AligarhNews #AligarhCrimeNews #SubahSamachar
