EV Tips: इलेक्ट्रिक कार है तो मानसून में भूलकर भी न करें ये गलतियां, वरना हो सकता है भारी नुकसान
Electric Car Safety: भारत में ईवी अपनाने वालों की संख्या बढ़ रही है और मानसून में इन लोगों की समस्या भी, कि क्या ईवी सुरक्षित है देखिए आज की ज्यादातर इलेक्ट्रिक कारों में बैटरी पैक और हाई-वोल्टेज सिस्टम को वॉटर-रेसिस्टेंट और सुरक्षित बनाया जाता है। इसलिए सामान्य बारिश में ईवी चलाने में कोई परेशानी नहीं होती। लेकिन गहरे पानी, खराब सड़क या लापरवाही से वाहन के अन्य मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है। 1. हर जलभराव वाली सड़क पर गाड़ी न उतारें हालांकि ईवी की बैटरी सुरक्षित होती है, लेकिन गहरे पानी में जाने से व्हील बेयरिंग, ब्रेक, सस्पेंशन और इलेक्ट्रिकल कनेक्टर्स प्रभावित हो सकते हैं। अगर पानी की गहराई का अंदाजा नहीं है, तो जोखिम लेने की बजाय दूसरा रास्ता चुनें या पानी कम होने का इंतजार करें। 2. चार्जिंग पोर्ट हमेशा साफ रखें बारिश में ईवी चार्ज करना सुरक्षित है क्योंकि कार और चार्जर दोनों में सुरक्षा सिस्टम मौजूद होते हैं। लेकिन चार्जिंग से पहले यह जरूर देखें कि चार्जिंग पोर्ट में पानी, मिट्टी या पत्तियां जमा न हों। चार्जिंग पोर्ट को सूखे कपड़े से साफ करें और किसी भी क्षतिग्रस्त चार्जिंग केबल या अनऑफिशियल एक्सटेंशन का इस्तेमाल न करें। 3. स्मूद एक्सीलेरेशन और ब्रेकिंग अपनाएं इलेक्ट्रिक कारों में तुरंत टॉर्क मिलता है, जिससे गीली सड़क पर टायर फिसल सकते हैं। इसलिए धीरे-धीरे एक्सीलेटर दबाएं, आगे चल रही गाड़ी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और अगर आपकी ईवी में रिजनरेटिव ब्रेकिंग एडजस्ट करने का विकल्प है, तो मानसून में हल्का मोड चुनना बेहतर रहेगा। 4. जलभराव पार करने के बाद अंडरबॉडी जरूर जांचें अगर आपकी कार पानी भरे रास्ते से गुजरी है, तो बाद में उसकी अंडरबॉडी जरूर चेक करें। देखें कि कहीं कोई प्लास्टिक कवर ढीला तो नहीं हुआ, कोई स्क्रैच या डैमेज तो नहीं है। अगर डैशबोर्ड पर कोई वार्निंग लाइट दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत अधिकृत सर्विस सेंटर पर वाहन की जांच कराएं। 5. बारिश के बाद गाड़ी की सफाई जरूर करें बारिश के पानी के साथ कीचड़, तेल और गंदगी भी कार के व्हील आर्च, अंडरबॉडी और चार्जिंग फ्लैप के आसपास जमा हो सकती है। बारिश के बाद कार की अच्छी तरह सफाई करें, खासकर चार्जिंग एरिया और अंडरबॉडी को। इससे जंग लगने और भविष्य की तकनीकी समस्याओं की संभावना कम हो जाती है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 10, 2026, 00:50 IST
EV Tips: इलेक्ट्रिक कार है तो मानसून में भूलकर भी न करें ये गलतियां, वरना हो सकता है भारी नुकसान #Automobiles #National #SubahSamachar
