स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण: पटवारी बोले- भ्रष्टाचार से लड़ेंगे, मुफ्त शिक्षा की मांग

भोपाल में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय स्थित इंदिरा भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने तिरंगे को नमन करते हुए संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता-अखंडता की रक्षा का संकल्प दोहराया। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पटवारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के सामने युवाओं के रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की बड़ी चुनौती है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का ऐलान पटवारी ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार गहराई तक पहुंच चुका है और जनता के अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं पर इसका असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई तेज करेंगे। यह भी पढ़ें-भोपाल में CM मोहन यादव ने फहराया तिरंगा, जिलों में मंत्रियों ने किया ध्वजारोहण केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा का संकल्प पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में हर बच्चे को केजी से पीजी तक मुफ्त, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी शिक्षा मिलनी चाहिए। कांग्रेस इस मांग को लेकर संघर्ष करेगी और ऐसा मध्य प्रदेश बनाने का संकल्प लेती है, जहां किसी बच्चे की पढ़ाई परिवार की आर्थिक स्थिति पर निर्भर न रहे। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से धोने और हवन कर कथित रूप से शुद्ध करने की घटना की निंदा की। पटवारी ने इसे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और अनुसूचित जाति-जनजाति समाज का अपमान बताते हुए प्रधानमंत्री से जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। यह भी पढ़ें-भोपाल की आजादी की अनकही कहानी, 15 अगस्त के बाद भी 2 साल चला तिरंगे और विलय का संघर्ष युवाओं को प्राथमिकता देने की बात पटवारी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के बीच बेहतर तालमेल बनाया जाएगा। उन्होंने दतिया, विजयपुर और बुधनी के मतदाताओं का भी आभार जताया और कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कुणाल चौधरी, सुखदेव पांसे, अवनीश भार्गव, राजीव सिंह, अभय दुबे, प्रदीप अहिरवार, प्रवीण सक्सेना, साबिस्ता जकी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 15, 2026, 06:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण: पटवारी बोले- भ्रष्टाचार से लड़ेंगे, मुफ्त शिक्षा की मांग #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #SubahSamachar