असम में बाढ़ का कहर: अमित शाह ने हिमंता को किया फोन; गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री को क्या दिया भरोसा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को फोन कर राज्य के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। जानकारी के मुताबिक, अमित शाह ने राज्य में नदियों का जलस्तर बढ़ने से हुए नुकसान और मौजूदा हालात की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी हासिल की। I thank Honble Home Minister Shri @AmitShah Ji for his phone call and enquiring about the flood situation in Dhemaji. I have briefed him on the relief and rehabilitation measures presently underway. He has also assured us all possible support and assistance from the Government… — Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) June 29, 2026 हिमंता सरमा ने जताया गृह मंत्री का आभार मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने गृह मंत्री को राज्य में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'गृह मंत्री ने हमें इस स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार की ओर से हरसंभव मदद और सहयोग का भरोसा दिया है। मैं गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने फोन कर धेमाजी में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली।' धेमाजी में 16 हजार से अधिक लोग प्रभावित असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, धेमाजी जिले के चार राजस्व सर्किलों के 69 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। यहां करीब 16,000 लोग प्रभावित हुए हैं। रविवार शाम मुख्यमंत्री सरमा ने कहा था कि धेमाजी में बाढ़ की स्थिति पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। हमारे लोगों के जीवन पर पड़े इस संकट से हमें गहरा दुख है और इस कठिन समय में हम पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े हैं। राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों की तत्काल सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके दीर्घकालिक पुनर्वास के लिए अपने सभी संसाधनों का उपयोग कर रही है। रेलवे पुल क्षतिग्रस्त, ट्रेन सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) ने बताया कि भारी बाढ़ और तेज कटाव के कारण आर्चीपाथर और सिमेन चपारी रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित एक रेलवे पुल का पिलर अस्थिर हो गया है। इसके चलते इस रूट पर सभी ट्रेन सेवाएं अगली सूचना तक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई हैं। ये भी पढ़ें:आज बंगाल में आ सकता है UCC विधेयक; क्या है इसका इतिहास, इसके लागू होने से क्या बदलेगा 1965 में बना पुल कटाव की चपेट में आया रेलवे के बयान के अनुसार, वर्ष 1965 में निर्मित और बाद में ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया गया यह पुल पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में था। हालांकि लगातार भारी बारिश के दौरान नदी के किनारे का बड़ा हिस्सा बह जाने से पुल का एक पिलर अस्थिर हो गया, जिससे एहतियात के तौर पर रेल सेवाएं रोकनी पड़ीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 09:34 IST
असम में बाढ़ का कहर: अमित शाह ने हिमंता को किया फोन; गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री को क्या दिया भरोसा? #IndiaNews #National #AssamFloods #AmitShah #HimantaBiswaSarma #Dhemaji #Asdma #ReliefAndRehabilitation #CentralGovernment #NortheastFrontierRailway #SubahSamachar
