MP: इटारसी के सरकारी ट्रेनिंग कैंप में खाद्य विषाक्तता पर हंगामा, खाना खाते ही बिगड़ी पांच छात्रों की तबीयत

नर्मदापुरम के इटारसी में संचालित मध्य प्रदेश सरकार की शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सेना, पुलिस, होमगार्ड और पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी कर रहे ओबीसी छात्र-छात्राओं के 45 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में रविवार रात खाना खाने के बाद अचानक पांच छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। छात्रों को तेज उल्टियां, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन की शिकायत होने लगी, जिससे पूरे कैंप में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्रों की हालत बिगड़ते ही कैंप प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए और सभी को तत्काल शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के दौरान फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण मिलने की पुष्टि की। चार छात्रों की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि एक छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भर्ती कर इलाज जारी रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, इटारसी के शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय परिसर में पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए यह विशेष प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है। यहां युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड और पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी कराई जा रही है। आरोप है कि कैंप में पिछले कई दिनों से छात्रों को खराब और घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा था। छात्रों ने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत भी की थी, लेकिन किसी ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। ये भी पढ़ें-त्विषा केस में आज बड़ा न्यायिक दिनः सुप्रीम कोर्ट-हाई कोर्ट और जिला अदालत तक सुनवाई, मौत की मिस्ट्री पर घमासान रविवार रात भोजन करने के कुछ देर बाद रीतेश यादव, विवेक गौर, रोहित यादव, विवेक केवट और जतिन पटवा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्रों को लगातार उल्टियां होने लगीं और पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। घटना के बाद छात्रों और उनके परिजनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. विकास जेतपुरिया ने बताया कि सभी छात्रों में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए थे और उनका उपचार किया गया। अब इस पूरे मामले ने सरकारी प्रशिक्षण शिविरों की व्यवस्थाओं और भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 25, 2026, 10:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




MP: इटारसी के सरकारी ट्रेनिंग कैंप में खाद्य विषाक्तता पर हंगामा, खाना खाते ही बिगड़ी पांच छात्रों की तबीयत #CityStates #MadhyaPradesh #Narmadapuram #Narmdapuram #FoodPoisoning #SubahSamachar