Railway : प्रयागराज-फतेहपुर में फूड वैन तो अलीगढ़-कानपुर में रेल कोच रेस्टोरेंट में मिलेंगे लजीज व्यंजन

उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) का प्रयागराज मंडल अब यात्रियों के सफर के साथ-साथ उनके स्वाद को भी यादगार बनाने की तैयारी में है। रेलवे स्टेशनों पर खान-पान की सुविधाओं को आधुनिक रूप देते हुए प्रयागराज, फतेहपुर और मानिकपुर में फूड वैन की व्यवस्था की जा रही है, जबकि अलीगढ़, मिर्जापुर और कानपुर अनवरगंज में रेल कोच रेस्टोरेंट के जरिये लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। रेलवे की योजना के अनुसार, प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड और सिविल लाइंस दोनों प्रवेश द्वारों पर फूड वैन की व्यवस्था होगी। इससे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को अपनी पसंद का ताजा और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलेगा। इसके अलावा फतेहपुर और मानिकपुर स्टेशनों पर भी फूड वैन का संचालन किया जाएगा। इसमें यात्रियों को चाय, काॅफी, शीतल पेय, समोसा, पेटीज, साउथ इंडियन फूड, दाल-चावल, सब्जी, रोटी, मौसमी सब्जी, छोले-भूटरे आदि 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। बता दें कि अभी हाल ही में रेलवे प्रशासन ने सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर भी फूड वैन की व्यवस्था करने की प्रक्रिया शुरू की है। पुराने कोच में सजेगा रेस्टोरेंट का ठाठ मिर्जापुर स्टेशन के द्वितीय द्वार, अलीगढ़ जंक्शन और कानपुर अनवरगंज में रेल कोच रेस्टोरेंट खोले जाएंगे। इसमें पुराने रेल कोचों को आधुनिक रेस्टोरेंट का रूप दिया जाएगा। यहां यात्री और आम जनता एक अलग माहौल में भोजन का आनंद ले सकेंगे। रेल कोच रेस्टोरेंट और फूड वैन के लिए रेलवे प्रशासन ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर पांच वर्ष के लिए निकाला गया है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर भोजन मिलेगा, बल्कि रेलवे के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर खान-पान का अनुभव देने के लिए यह पहल की गई है। फूड वैन और रेल कोच रेस्टोरेंट के लिए टेंडर निकल गया है। ई-ऑक्शन के जरिये फर्म का चयन होगा। इसके बाद स्टेशनों पर ये सुविधाएं धरातल पर दिखने लगेंगी। -अमित कुमार सिंह, पीआरओ, प्रयागराज मंडल

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 23, 2026, 16:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Railway : प्रयागराज-फतेहपुर में फूड वैन तो अलीगढ़-कानपुर में रेल कोच रेस्टोरेंट में मिलेंगे लजीज व्यंजन #CityStates #Prayagraj #RailwayCoach #RailCoachRestaurantPrayagraj #RailwayRestaurant #SubahSamachar