UP News: पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हमले में दो प्रमुख गवाहों से जिरह पूरी, 27 फरवरी को अगली सुनवाई
वाराणसी कैंट थाना क्षेत्र में 2002 में चर्चित शूटआउट के मामले में ट्रायल की रफ्तार तेज हो गई है। पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में बृहस्पतिवार को सुनवाई हुई। बचाव पक्ष के दूसरे गवाह फैजाबाद के तत्कालीन सरकारी फार्मासिस्ट शुभकरण यादव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिरह की गई। अभियोजन पक्ष ने गवाह से कई अहम सवाल पूछे। वादी पक्ष की ओर से धारा 311 के तहत प्रार्थना पत्र दिया गया था। अनुपस्थिति के दावे से जुड़े दो प्रमुख गवाहों से जिरह पूरी कर ली गई है। अगली सुनवाई 27 फरवरी को होगी। चार अक्तूबर 2002 को तत्कालीन विधायक एवं पूर्व सांसद धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ सफारी से जौनपुर लौट रहे थे। नदेसर में टकसाल सिनेमा हॉल के पास बोलेरो से उतरे हमलावरों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में धनंजय सिंह, गनर और चालक सहित कई लोग घायल हो गए थे। घायलों को मलदहिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में अभय सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 12:42 IST
UP News: पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हमले में दो प्रमुख गवाहों से जिरह पूरी, 27 फरवरी को अगली सुनवाई #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #UpNews #SubahSamachar
