Hamirpur (Himachal) News: चार पोर्टेबल एक्सरे मशीनें मिलेंगी, तेज होगी टीबी मरीजों की तलाश
हमीरपुर। जिले में टीबी रोगियों की समय पर पहचान और जांच व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को जल्द ही चार नई पोर्टेबल एक्सरे मशीनें मिलने जा रही हैं।इन मशीनों के मिलने से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग अभियान को गति मिलेगी। वर्तमान में जिले के पास तीन पोर्टेबल एक्सरे मशीनें हैं। इनमें से दो मशीनें खराब पड़ी हैं।केवल एक मशीन ही कार्यरत है, जिसका उपयोग भोरंज स्वास्थ्य खंड में टीबी जांच के लिए किया जा रहा है। सीमित संसाधनों के कारण अन्य स्वास्थ्य खंडों में टीबी स्क्रीनिंग प्रभावित हो रही है। हालांकि जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी जांच की सुविधा है।ग्रामीणों क्षेत्रों में पोर्टेबल एक्सरे मशीन कारगर साबित हो रही है। नई चार पोर्टेबल एक्सरे मशीनें मिलने के बाद जिले के विभिन्न स्वास्थ्य खंडों में जांच सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे संदिग्ध टीबी मरीजों की मौके पर ही एक्सरे जांच संभव होगी। बीमारी का शीघ्र पता लगाकर उपचार शुरू किया जा सकेगा। हर साल जिले में टीबी के करीब 900 मरीज आते हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया जाता है। वहीं, निक्षय मित्र मरीजों को पोषण किट भी उपलब्ध करवाते हैं। -पोर्टेबल एक्सरे मशीनों के माध्यम से विशेष टीबी जांच अभियान अधिक प्रभावी हो रहे हैं। लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती मिलेगी।-डॉ. सुनील वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 20, 2026, 17:18 IST
Hamirpur (Himachal) News: चार पोर्टेबल एक्सरे मशीनें मिलेंगी, तेज होगी टीबी मरीजों की तलाश #HamirpurNewsHpNews #SubahSamachar
