गैस सिलिंडर और पेट्रोल-डीजल का स्टॉक मात्रा में उपलब्ध : शिव राम

काला बाजारी रोकने के लिए 25 दिन के बाद होगी दूसरी बुकिंगउपभोक्ताओं को मांग पर घरेलू गैस सिलिंडर करवाएंगे उपलब्धसंवाद न्यूज एजेंसीकुल्लू। भारत के लिए पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति कर रहे देशों के बीच चल रहे युद्ध के कारण उपभोक्ताओं में आशंका है कि एलपीजी गैस सिलिंडर और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता नहीं हो पाएगी। ऐसा बिल्कुल नहीं है और जिले में गैस सिलिंडर और पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति प्राप्त हो रही है तथा स्टॉक उपलब्ध है। यह बात खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के जिला नियंत्रक शिव राम ने कही। उन्होंने कहा कि जिले में वर्तमान समय में 13 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें 5,891 सिलिंडर का स्टाॅक उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त जिले में पेट्रोल 3,39,668 लीटर और डीजल 4,58,846 लीटर स्टाॅक उपलब्ध है, जो कि खपत के अनुसार पर्याप्त है। गैस सिलिंडर और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सुचारु रूप से की जा रही है, जिसके बाधित होने की कोई संभावना नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से गैस सिलिंडरों की जमाखोरी और काला बाजारी को रोकने के लिए 25 दिनों की इंटर बुकिंग (पहले सिलिंडर लेने के बाद दूसरे की बुकिंग 25 दिन बाद करने) सुविधा शुरू की गई है ताकि सभी उपभोक्ताओं को मांग अनुसार गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की जा सके। इसके अतिरिक्त जमाखोरी और कालाबाजारी को राेकने के लिए विभाग की ओर से भी अभियान चलाया जा रहा है। व्यापारिक संस्थानों में घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि संयम बनाए रखें। विभाग उपभोक्ताओं को मांग अनुसार घरेलू गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 13, 2026, 17:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




गैस सिलिंडर और पेट्रोल-डीजल का स्टॉक मात्रा में उपलब्ध : शिव राम #GasCylindersAndPetrol-dieselStocksAvailableInSufficientQuantity:ShivRam #SubahSamachar