Gorakhpur News: नवंबर में सहारा एस्टेट-आरकेबीके ताल रिंग रोड का लोकार्पण करेंगे सीएम

गोरखपुर। सहारा एस्टेट से आरकेबीके तक निर्माणाधीन ताल रिंग रोड का लोकार्पण नवंबर में मुख्यमंत्री योगी करेंगे। इसे देखते हुए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। शनिवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सड़क का डब्ल्यूएमएम स्तर तक का कार्य पूरा हो चुका है। ईटीए का 41 प्रतिशत, रेलिंग का 90 प्रतिशत और फुटपाथ का 60 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, 10 नवंबर तक फुटपाथ और रेलिंग का काम पूरा करने के साथ सड़क पर डीबीएम का कार्य भी समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कहा कि परियोजना जनोपयोगी और शहर के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इसलिए निर्माण में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय सीमा के भीतर काम पूरा होना चाहिए और निर्माण मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। इसके बाद उपाध्यक्ष ने मानीराम में विकसित की जा रही गुरुकुल सिटी योजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के लिए अधिग्रहित भूमि और वहां चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए सुनियोजित विकास तथा लैंडस्केपिंग को प्राधिकरण के मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जीडीए के मुख्य अभियंता किशन सिंह, विशेष कार्याधिकारी संजीव कुमार दीक्षित, अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप, नगर नियोजक हितेश कुमार, तहसीलदार और अन्य अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 25, 2026, 02:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gorakhpur News: नवंबर में सहारा एस्टेट-आरकेबीके ताल रिंग रोड का लोकार्पण करेंगे सीएम #GDAVice-ChairmanAbhinavGopalInspectedTheConstructionWorks. #SubahSamachar