Ghaziabad: जन्मदिन पार्टी में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, हाईवे जाम; परिजन बोले- फांसी दो या फिर एनकाउंटर
शांतिनगर कॉलोनी में जन्मदिन की पार्टी में बुलाकर युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक खुद को बचाने के लिए मौके से भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा कर सड़क पर गिरा दिया और उस पर ताबड़तोड़ कई वार किए। वारदात शांतिनगर कॉलोनी में बुधवार देर रात करीब दो बजे हुई। परिजनों का कहना है कि मुख्य आरोपी ने कुछ समय पहले हुए विवाद के बाद युवक को 15 दिन के भीतर जान से मारने की धमकी दी थी। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विजयनगर बाईपास के पास हाईवे जाम कर दिया। करीब 35 मिनट तक चले हंगामे के बाद पुलिस के समझाने पर लोग वहां से हटे।इसके बाद कुछ लोगों ने एक आरोपी के घर में तोड़फोड़ की और किरायेदारों से मकान खाली करा दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मकान को सील कर दिया है। एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की शांतिनगर कॉलोनी निवासी मोहित शर्मा (22) को कॉलोनी में ही रहने वाले देव ने अपने जन्मदिन की पार्टी में घर बुलाया था। पार्टी में देव के अलावा शांतिनगर में ही रहने वाले हरि, गौरव शर्मा और कुछ अन्य दोस्त भी मौजूद थे। रात करीब दो बजे तक शराब और हुक्के की पार्टी चलती रही। इसी दौरान बहन को गाली देने को लेकर पहले हुए विवाद के चलते गौरव और मोहित के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद गौरव ने मोहित पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो गए। मोहित के भाई मनीष ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल मोहित को एमएमजी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी ने बताया कि मनीष की तहरीर पर देव, हरि व गौरव शर्मा और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने नामजद तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। एनकाउंटर या फांसी की मांग मोहित की हत्या से नाराज परिजन व कॉलोनीवासी सुबह एनएच-9 पर पहुंच गए और विजयनगर बाईपास जाम कर दिया। परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर या फांसी की मांग की। मौके पर एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल पुलिस बल के साथ पहुंचे और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। जाम के दौरान पुलिस और भीड़ के बीच धक्कामुक्की भी हुई, जिससे नेशनल हाईवे, क्रॉसिंग रिपब्लिक कट और विजयनगर बाईपास कट पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी बीच नाराज लोगों ने एक अन्य आरोपी देव के घर पहुंचकर तोड़फोड़ की। मौके पर विजयनगर, नगर कोतवाली, कविनगर, क्रॉसिंग रिपब्लिक, नंदग्राम व सिहानी गेट थाने की पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के समय देव की मां घर के ऊपरी हिस्से में कमरे में सो रही थीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 03, 2026, 03:20 IST
Ghaziabad: जन्मदिन पार्टी में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, हाईवे जाम; परिजन बोले- फांसी दो या फिर एनकाउंटर #CityStates #DelhiNcr #Ghaziabad #Murder #SubahSamachar
