Gold Smuggling: दिल्ली एयरपोर्ट पर 5.5 करोड़ का सोना बरामद, भारतीय मूल का अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने सोने की तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है। अधिकारियों ने भारतीय मूल के एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार कर उसके पास से 5.5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की 115 सोने की छड़ें (गोल्ड बार) बरामद की हैं। अधिकारी के अनुसार, आरोपी सैन फ्रांसिस्को से एअर इंडिया की उड़ान एआई-4174 से दिल्ली पहुंचा था। वह ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। संदेह के आधार पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसे रोककर जांच की। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की अंदरूनी परत में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त जेबें मिलीं। इनमें 3,565 ग्राम वजन की 24 कैरेट शुद्धता वाली 115 सोने की छड़ें छिपाकर रखी गई थीं। बरामद सोने की शुद्धता 999.9 बताई गई है। उससे पूछताछ की जा रही है। सीमा शुल्क विभाग ने सोना जब्त कर आरोपी को सीमा शुल्क अधिनियम 1962 की धारा 104 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है। सोने की तस्करी में तेजी वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में सोने की तस्करी के प्रयासों में तेजी देखी गई है। उनका कहना है कि सोने पर सीमा शुल्क 6% से बढ़ाकर 15% किए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोहों का मुनाफा बढ़ गया है। इसी कारण तस्कर अब ज्यादा उन्नत तरीके अपनाकर सोना छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। सीमा शुल्क विभाग ने कहा कि हवाईअड्डों पर निगरानी और सख्त कर दी गई है। इसके लिए रीयल टाइम यात्री डेटा विश्लेषण, जोखिम पहचान प्रणाली और कड़ी तलाशी व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 17, 2026, 00:50 IST
Gold Smuggling: दिल्ली एयरपोर्ट पर 5.5 करोड़ का सोना बरामद, भारतीय मूल का अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार #CityStates #DelhiNcr #Delhi #GoldSmuggling #IgiAirport #SubahSamachar
