Bihar: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट, पीछा करने पर अपराधियों ने चलाई गोलियां, ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ा

गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े लूटपाट की बड़ी वारदात से पूरा इलाका दहल उठा। दीपक ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों ने जब ग्रामीणों को पीछा करते देखा, तो बेखौफ होकर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी अपाचे बाइक को आग के हवाले कर दिया। पीछा करने पर बरसाईं गोलियां जानकारी के मुताबिक, लाला छापर स्थित दीपक वर्मा की आभूषण दुकान में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला। लूटपाट के बाद जब अपराधी बाइक से फरार होने लगे, तो ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पीछे आ रही भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे पंचानंद मिश्र के 40 वर्षीय पुत्र डबलू मिश्र को गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, अपराधी पकड़ा और बाइक जलाई राहगीर की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने एक अपराधी को रंगे हाथ पकड़ लिया। उग्र भीड़ ने घटनास्थल पर ही अपराधियों की बाइक को खींचकर उसमें आग लगा दी, जिससे बाइक धू-धू कर जल गई। पकड़े गए अपराधी की जमकर पिटाई भी की गई। बाद में पुलिस ने उसे दीपक ज्वेलर्स की दुकान के अंदर बंद कर दिया ताकि उसकी जान बचाई जा सके। वहीं, भाग रहे दूसरे अपराधी को पुलिस की मदद से मठिया गांव के पास पकड़ लिया गया, जो ग्रामीणों की पिटाई से घायल बताया जा रहा है। ये भी पढ़ें:जमुई में भीषण सड़क हादसा; दूध गाड़ी और हाईवा की टक्कर, 30 मिनट तक केबिन में फंसा रहा चालक 3 साल बाद फिर उसी दुकान को बनाया निशाना इस घटना की खास बात यह है कि पीड़ित दुकानदार दीपक वर्मा के साथ ठीक तीन साल पहले 23 अप्रैल को भी लूट की घटना हुई थी। एक बार फिर 24 अप्रैल को अपराधियों ने उसी दुकान को निशाना बनाया। फिलहाल लूटे गए जेवरात और नकदी का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता और भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक रिवॉल्वर और जली हुई बाइक के अवशेष बरामद किए हैं। ग्रामीण पकड़े गए अपराधियों को मौके पर सजा देने की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 24, 2026, 18:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
City states Saran Bihar



Bihar: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट, पीछा करने पर अपराधियों ने चलाई गोलियां, ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ा #CityStates #Saran #Bihar #SubahSamachar