बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का मुआवजा व एमएसपी पर बोनस दे सरकार : हुड्डा

पिपली। बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से किसानों को फसलों में भारी नुकसान हुआ है। कुरुक्षेत्र समेत पूरे हरियाणा में यही स्थिति है। इसलिए सरकार को तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा देना चाहिए। साथ ही इस नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार को एमएसपी पर बोनस कांग्रेस सरकार की तर्ज पर देना चाहिए। यह मांग पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने की। वे शुक्रवार को यहां अनाजमंडी में पहुंचे थे, जहां उन्होंने किसानों, मजदूरों व आढ़तियों से चर्चा की। उन्होंने ढेरी पर जाकर गेहूं की नमी भी जांची तो मौके पर जांच भी कराई। वहीं इस दौरान मजदूरों ने इलेट्रिक कांटे से आ रही परेशानी से अवगत कराया तो वहीं किसानों ने कहा कि जो फसल बिक चुकी है, उसका भुगतान आज तक नहीं हो पाया है। किसानों ने बताया कि सुचारू रूप से खरीद नहीं होने और नई-नई शर्तों के चलते उन्हें भारी परेशानी हो रही है। क्योंकि सरकार गेहूं और सरसों की खरीद करने की बजाय किसानों पर एक के बाद एक अजीबो-गरीब शर्तें थोप रही है।इस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कईं संबंधित अधिकारियों को कॉल भी की तो वहीं किसानों, आढ़तियों व मजदूरों की समस्या से अवगत भी कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि जो भी समस्या होगा जल्द दूर कर दी जाएगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि आज हर वर्ग के लोग बेहाल है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है तो किसान खेती से पीछे हटता जा रहा है। कानून व्यवस्था भी बदतर है। इस दौरान विधायक अशोक अरोड़ा, पूर्व विधायक मेवा सिंह, विधायक मंदीप चट्ठा, विधायक राम करण काला, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, राजीव गोयल आदि मौजूद रहे।बॉक्ससरकार ने थोप दी अनगिनत शर्तेंहुड्डा ने बताया कि उन्होंने सांपला से मंडियों के दौरे की शुरुआत की और उसके बाद नारायणगढ़, साढ़ोरा ,बराड़ा अंबाला मंडी में गए। हर जगह यही शिकायत सुनने को मिली कि बीजेपी द्वारा पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की शर्त थोपी गई और फिर गेट पास, उसके बाद बायोमेट्रिक, ट्रैक्टर नंबर, वेरिफिकेशन और गारंटर जैसी अनगिनत शर्तें थोप दी गईं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 11, 2026, 02:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का मुआवजा व एमएसपी पर बोनस दे सरकार : हुड्डा #GovernmentShouldCompensateForLossesCausedByUnseasonalRainsAndProvideBonusOnMSP:Hooda #SubahSamachar