Delhi NCR News: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के तीन इंटरचेंजों पर लगेंगी भव्य मूर्तियां

अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सफर केवल तेज और सुविधाजनक ही नहीं, बल्कि यादगार भी होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एक्सप्रेसवे के बागपत जिले में स्थित तीन खाली इंटरचेंजों को आकर्षक लैंडमार्क के रूप में विकसित करने जा रहा है। इसके तहत इन इंटरचेंजों पर भव्य मूर्तियां (स्कल्प्चर) स्थापित की जाएंगी और उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई 7.58 करोड़ रुपये खर्च करेगा। यह कार्य दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर के अंतर्गत किया जाएगा। परियोजना में तीन इंटरचेंजों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ उनके आसपास का क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा। अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मूर्तियां किस थीम पर आधारित होंगी, लेकिन माना जा रहा है कि इन्हें स्थानीय सांस्कृतिक या क्षेत्रीय पहचान से जोड़कर डिजाइन किया जा सकता है।इसी परियोजना में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बागपत के बाओली और सिसाना गांवों के पास लगभग तीन किलोमीटर लंबी आरसीसी सड़क किनारे नालियों (रोड साइड आरसीसी ड्रेन) का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके साथ जल निकासी के लिए डिवाटरिंग की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे बरसात के दौरान एक्सप्रेसवे पर जलभराव की आशंका कम हो सके। एनएचएआई ने इस कार्य को तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जबकि निर्माण के बाद पांच वर्ष तक दोष दायित्व अवधि (डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड) भी तय की गई है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को इसी साल अप्रैल में शुरू किया गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 26, 2026, 20:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Delhi NCR News: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के तीन इंटरचेंजों पर लगेंगी भव्य मूर्तियां #GrandStatuesWillBeInstalledAtThreeInterchangesOfTheDelhi-DehradunExpressway #SubahSamachar