Sonipat News: कबड्डी स्पर्धा में गुरुकुल बरोणा और फरमाणा की टीमें जीतीं
संवाद न्यूज एजेंसीखरखौदा। क्षेत्र में नशा मुक्त अभियान को बढ़ावा देते हुए आर्ष गुरुकुल, बरोणा में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के गांवों की 12 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्ग के मुकाबलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।55 किलो भार वर्ग के फाइनल में गुरुकुल बरोणा और फरमाना गांव की टीम के बीच कड़ा मुकाबला देखने के लिए मिला। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं, 32 किलो भार वर्ग में गुरुकुल बरोणा की टीम विजयी रही जबकि सिलाना गांव की टीम दूसरे स्थान पर रही। 42 किलो भार वर्ग में फरमाना गांव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा। गुरुकुल के आचार्य प्रदीप ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संयम और टीम भावना सिखाता है। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे हमेशा खेल भावना से खेलें और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें क्योंकि नशा प्रतिभा और भविष्य दोनों को प्रभावित करता है। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 20:08 IST
Sonipat News: कबड्डी स्पर्धा में गुरुकुल बरोणा और फरमाणा की टीमें जीतीं #GurukulBaroonaAndFarmanaTeamsWonTheKabaddiCompetition. #SubahSamachar
