फिर रद्द हुई हलवारा-दिल्ली एयर इंडिया उड़ान: तीन दिन में दूसरी बार हुई कैंसिल, 110 यात्री परेशान

हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली का हवाई सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। तीन दिन के भीतर दूसरी बार एयर इंडिया की दिल्ली-हलवारा-दिल्ली उड़ान रद्द हो गई। इससे बुधवार सुबह हलवारा एयरपोर्ट पर 110 से अधिक यात्री परेशान रहे। दिल्ली से हलवारा आने वाली एयर इंडिया की उड़ान एआई-481 एयरपोर्ट नहीं पहुंची। इसी विमान को हलवारा से दिल्ली के लिए एआई-482 बनकर वापस रवाना होना था, लेकिन विमान नहीं आने के कारण यह उड़ान भी रद्द हो गई। सुबह निर्धारित समय से पहले एयरपोर्ट पहुंच चुके यात्रियों को उड़ान रद्द होने की सूचना मिलने के बाद भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इनमें कई यात्री निजी वाहनों से एयरपोर्ट पहुंचे थे, जबकि दिल्ली जाने के लिए कुछ यात्रियों ने वैकल्पिक साधनों की तलाश शुरू कर दी। जिन यात्रियों के लिए दिल्ली पहुंचना जरूरी था, उन्होंने मजबूरी में टैक्सी का सहारा लिया। यात्रियों के अनुसार, हलवारा से दिल्ली के लिए टैक्सी का किराया करीब 11 हजार रुपये तक मांगा गया। कई यात्री यह खर्च उठाने में असमर्थ रहे और कुछ को अपनी यात्रा रद्द कर वापस लौटना पड़ा। किसी को दोपहर की उड़ान का सहारा, कोई लौटा घर उड़ान रद्द होने के बाद कुछ यात्रियों ने दोपहर की उड़ान एआई-484 में सीट पाने की कोशिश की। कुछ यात्रियों को सीट मिल गई तो वे एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में बैठकर अगली उड़ान का इंतजार करते रहे। वहीं कई यात्रियों ने अपनी यात्रा की तारीख बदल दी। कुछ यात्री ऐसे भी रहे जिन्हें जरूरी काम के चलते दिल्ली जाना था और वे महंगी टैक्सी लेकर सड़क मार्ग से रवाना हुए। यात्रियों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी अचानक उड़ान रद्द होने और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से हुई। उनका सवाल है कि अगर विमान में तकनीकी या परिचालन संबंधी समस्या थी तो यात्रियों को समय रहते इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 09, 2026, 09:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




फिर रद्द हुई हलवारा-दिल्ली एयर इंडिया उड़ान: तीन दिन में दूसरी बार हुई कैंसिल, 110 यात्री परेशान #CityStates #Ludhiana #Punjab #HalwaraDelhiAirIndiaFlight #HalwaraAirport #SubahSamachar