Meerut News: आईएएस के लिए चयनित हर्ष नेहरा का गांव पहुंचने पर हुआ स्वागत

संवाद न्यूज एजेंसीसरधना। क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी हर्ष नेहरा ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया में 74वीं रैंक हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। रविवार को हर्ष नेहरा अपने गांव पहुंचे तो मेरठ-करनाल हाईवे से लेकर दबथुआ और बहादुरपुर तक उनका भव्य स्वागत किया गया। ट्रैक्टरों और वाहनों के लंबे काफिले के साथ स्वागत जुलूस निकाला गया। ग्रामीणों और युवाओं ने जगह-जगह फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। गांव पहुंचने पर आयोजित स्वागत समारोह में परिजनों और ग्रामीणों ने हर्ष नेहरा को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। उनकी आरती उतारी गई और तिलक लगाकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। हर्ष नेहरा के पिता अजय नेहरा किसान और माता अनीता देवी शिक्षिका हैं। हर्ष ने बताया कि इस सफलता के पीछे परिवार का पूरा सहयोग और आशीर्वाद रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उनके परिवार और गांव के लोगों की मेहनत और दुआओं का परिणाम है। हर्ष की शुरुआती शिक्षा तक्षशिला पब्लिक स्कूल, कंकरखेड़ा से हुई, जहां उन्होंने हाईस्कूल में टॉप किया। दयावती मोदी अकादमी, मोदीपुरम से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। मेरठ कॉलेज से बीएससी में टॉपर रहे। उन्होंने बताया कि यूपीएससी की तैयारी के दौरान पहले प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचे लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। उस समय निराशा जरूर हुई लेकिन उन्होंने अपनी कमियों पर काम किया और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। अपनी तैयारी की रणनीति के बारे में हर्ष ने बताया कि नियमित पढ़ाई, सही मार्गदर्शन और लगातार अभ्यास उनकी सफलता की कुंजी रहे। उन्होंने बेसिक किताबों पर ध्यान दिया और करंट अफेयर्स का नियमित अध्ययन किया। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं के लिए उन्होंने संदेश दिया कि अगर बड़ा सपना है और उसे पूरा करने की लगन है तो कोई भी परिस्थिति रास्ता नहीं रोक सकती। मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास से लक्ष्य जरूर हासिल किया जा सकता है। स्वागत समारोह में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, पूर्व एमएलसी चौधरी जगत सिंह, सुनील रोहटा, प्रदीप हुड्डा, अनिल चौधरी, प्रमोद कुमार, विक्रम सिंह, सुधीर त्यागी, मोहित त्यागी आदि मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 08, 2026, 19:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: आईएएस के लिए चयनित हर्ष नेहरा का गांव पहुंचने पर हुआ स्वागत #HarshNehra #SelectedForIAS #WasWelcomedOnHisArrivalInTheVillage. #SubahSamachar