Politics: 'उनकी याददाश्त कमजोर हो गई', केरल में सीएम चुनने में देरी को लेकर पीएम के तंज पर चेन्निथला का पलटवार
कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को शायद 'याददाश्त की समस्या' हो गई है, क्योंकि उन्हें अपनी ही पार्टी का इतिहास याद नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया, जब केरल के अगले मुख्यमंत्री को लेकर संशय बना हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर केरल में मुख्यमंत्री चुनने में देरी को लेकर तंज कसा था। इसके जवाब में रमेश चेन्निथला ने कहा कि दिल्ली में भाजपा को मुख्यमंत्री घोषित करने में 50 दिन लग गए थे। उन्होंने कहा कि अब जाकर उन्हें समझ आया है कि प्रधानमंत्री को शायद याददाश्त की समस्या हो गई है। अपना अतीत न भूलें प्रधानमंत्री: चेन्निथला चेन्निथला ने कहा, जिस प्रधानमंत्री ने दिल्ली में 50 दिनों तक मुख्यमंत्री घोषित नहीं करके अनिश्चितता पैदा की, वही अब कांग्रेस की आलोचना कर रहे हैं। प्रधानमंत्री को अपना अतीत नहीं भूलना चाहिए। कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, तानाशाही वाली पार्टी नहीं। इसलिए पार्टी हाईकमान ने कहा है कि सभी नेताओं से चर्चा करके लोकतांत्रिक तरीके से फैसला लिया जाएगा। भाजपा में स्थिति ऐसी है कि अगर प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री कोई फैसला कर लें, तो वही अंतिम फैसला बन जाता है। 'पार्टी हाईकमान जल्द करेगा फैसला' उन्होंने कहा कि केरल के नेतृत्व को लेकर फैसला जल्द लिया जाएगा। चेन्निथला ने बताया कि पार्टी फिलहाल कांग्रेस हाईकमान के अंतिम निर्णय का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान होगा। कांग्रेस नेता ने कहा, पर्यवेक्षक केरल आए थे और सभी विधायकों की राय ली गई। उन्होंने कहा, सन्नी जोसेफ, वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल, मुझसे और अन्य नेताओं से चर्चा की गई। अब हम हाईकमान के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा था इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा था कि पार्टी केरल में नया मुख्यमंत्री चुनने में फैसला नहीं ले पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व अपने ही नेताओं की पीठ में छुरा घोंपता है। ये भी पढ़ें:बन रहे नए रिश्ते:सत्ताधारी TVK को इंडिया गठबंधन में लाना चाहती है कांग्रेस, नए गठजोड़ से प्रभावित होगा समीकरण प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमा के बीच कथित शक्ति संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारें जनता की सेवा करने के बजाय अंदरूनी विवादों में उलझी रहती हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केरल में जनता का जनादेश मिलने के बावजूद कांग्रेस अभी तक मुख्यमंत्री का चयन नहीं कर पाई है, जिससे राज्य का प्रशासन ठप पड़ा हुआ है। केरल विधानसभा की 140 सीटों में से कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक गठबंधन (यूडीएफ) गठबंधन ने 102 सीटें जीती हैं। हालांकि, पार्टी अब तक मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला नहीं ले पाई है। वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला को मुख्यमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। वहीं, केपीसीसी अध्यक्ष सन्नी जोसेफ ने नौ मई को कहा था कि अगले मुख्यमंत्री को लेकर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 11, 2026, 04:49 IST
Politics: 'उनकी याददाश्त कमजोर हो गई', केरल में सीएम चुनने में देरी को लेकर पीएम के तंज पर चेन्निथला का पलटवार #IndiaNews #National #SubahSamachar
