Gorakhpur News: पसीने से परेशान मरीजों को देख भड़के उपमुख्यमंत्री, बोले- दो दिन में एसी लगाओ, फोटो भेजो
-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, मरीजों से सीधे पूछीं सुविधाएं-दिन के हिसाब से चादर नहीं मिलने पर जताई नाराजगी, पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश-डायलिसिस यूनिट 14 से बढ़ाकर 18 करने और मैनपावर बढ़ाने के दिए निर्देशसंवाद न्यूज एजेंसीगोरखपुर। उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान वह सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार व मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। वार्ड में उमस और गर्मी के कारण पसीने से परेशान मरीजों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि दो दिन के भीतर इमरजेंसी के सभी वार्डों में एसी लगाए जाएं और कार्य पूरा होने के बाद फोटो भेजकर इसकी सूचना दी जाए। उपमुख्यमंत्री ने लक्ष्मीपुर झंगहा की अजोरा देवी, घंटाघर के अजय, सिकरीगंज की मंगरा देवी तथा गौरी बाजार से आए चंद्रिका पाल सहित 20 मरीजों से बातचीत कर इलाज, दवा, भोजन और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने हड्डी रोग पुरुष वार्ड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दिन के हिसाब से मरीजों को चादर नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाए जाएं। अस्पताल में साफ-सफाई, दवा वितरण, जांच सुविधाएं और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कियानिरीक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री ने सदर सांसद रवि किशन शुक्ल के साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इसके बाद डीएनबी कक्ष में स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने डायलिसिस यूनिट की क्षमता 14 से बढ़ाकर 18 करने, मैनपावर बढ़ाने, मरीजों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने, एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह, डॉ. बीके सुमन, डॉ. आरपी गौतम, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. मुकुल द्विवेदी, सुनीता पटेल, डॉ. बीके सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 19, 2026, 02:52 IST
Gorakhpur News: पसीने से परेशान मरीजों को देख भड़के उपमुख्यमंत्री, बोले- दो दिन में एसी लगाओ, फोटो भेजो #HealthAndFamilyWelfareMinisterBrajeshPathakInspectedTheDistrictHospitalAndDirectlyInquiredWithPatientsAboutTheFacilities. #SubahSamachar
