हीट डोम: दिन में तपिश झुलसाए...रात में भी चैन न आए
सड़कों और मुख्य बाजारों में दोपहर में सन्नाटा, नहीं निकल रहे लोगदोपहर में स्कूली बच्चों और अभिभावकों को हो रही परेशानीगोरखपुर। पूर्वांचल में अप्रैल में ही गर्मी ने अपने सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गोरखपुर में भी पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसकी एक बड़ी वजह हीट डोम बताई जा रही है। बीते तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 25 से 28 डिग्री के आसपास बना हुआ है। शनिवार को भी अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे दिनभर लू जैसे हालात बने रहे। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।गर्मी का हाल यह है कि शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा नजर आ रहा है। धूप इतनी तेज है कि लोग जरूरी काम होने पर ही घर से निकल रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अस्पतालों के बाहर छांव की तलाश में लोग इधर-उधर खड़े दिखाई दे रहे हैं।गर्मी का असर हर वर्ग के लोगों पर साफ दिखाई दे रहा है। रिक्शा चालक रामलाल का कहना है कि दोपहर में सवारी मिलना कम हो गया है और तेज धूप में काम करना मुश्किल हो गया है। वहीं, मजदूर शकील अहमद बताते हैं कि निर्माण कार्यों में काम करने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोहद्दीपुर निवासी सीमा श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों को स्कूल से लाने-ले जाने में धूप बहुत परेशान कर रही है। दूसरी ओर दुकानदारों का कहना है कि दोपहर में ग्राहकों की संख्या घट गई है, जिससे कारोबार पर असर पड़ा है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ठंडे पानी की कमी से लोग परेशान दिखे। प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे यात्री अखिलेश और रुखसाना ने बताया कि गर्म हवा और भीड़ के बीच बैठना मुश्किल हो गया है।दिन में सड़कें खालीशनिवार को शहर के असुरन, गोलघर, कूड़ाघाट और रुस्तमपुर जैसे व्यस्त इलाकों में दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली नजर आईं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति अलग नहीं है। खेतों में काम करने वाले किसान सुबह जल्दी और शाम को ही काम करने को मजबूर हैं।हीट डोमः वायुमंडल में उच्च दबाव क्षेत्र से हुआ भयंकर ताप मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार इस बार अप्रैल में ही इतनी ज्यादा गर्मी बढ़ने की एक बड़ी वजह हीट डोम है। हीट डोम एक ऐसी स्थिति होती है, जब वायुमंडल में उच्च दबाव का क्षेत्र बन जाता है और यह क्षेत्र गर्म हवा को जमीन के पास ही रोक देता है। इससे गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और तापमान लगातार बढ़ता जाता है। इस स्थिति में आसमान साफ रहता है, बादल नहीं बनते और सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर पड़ती हैं। यही कारण है कि दिन के साथ रात में भी तापमान अधिक बना रहता है।रात में भी नहीं मिल रही राहतदिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ गया है। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। बिजली कटौती वाले इलाकों में हालात और खराब हैं। बशारतपुर निवासी विनोद यादव ने बताया कि रात में पंखा भी गर्म हवा दे रहा है, जिससे सोना मुश्किल हो गया है।ऑनलाइन खरीदारी कर रहे लोगभीषण गर्मी के चलते शहर की दिनचर्या बदलती नजर आ रही है। दोपहर में बाजारों में भीड़ घट गई है और लोग अब जरूरत का सामान ऑनलाइन मंगाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। सहालग में खरीदारी के लिए लोग शाम के समय ज्यादा निकल रहे हैं। क्विक कॉमर्स सेवाओं की मांग बढ़ गई है, जिससे डिलीवरी बॉय दिनभर सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। डिलीवरी कर्मी सोनू यादव और आरिफ खान ने बताया कि तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच काम करना चुनौतीपूर्ण हो गया है, फिर भी समय पर सामान पहुंचाने की कोशिश जारी है।ऐसे करें बचावदोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें।बाहर निकलते समय सिर को ढकें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थ लेते रहें।बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।ज्यादा देर तक धूप में रहने से बचें और छांव में आराम करें।लू लगने के लक्षण जैसे चक्कर आना, उल्टी या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 26, 2026, 02:38 IST
हीट डोम: दिन में तपिश झुलसाए...रात में भी चैन न आए #HeatDome:ScorchingHeatDuringTheDay...noPeaceEvenAtNight #SubahSamachar
