CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश से नदी-नाले उफान पर, कई जिलों में आज कम बरसेंगे बादल
छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार तेज बारिश के बाद अब प्रदेश में मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा अवदाब अब आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता कम हो सकती है। हालांकि कुछ जिलों में अभी भी मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। लगातार बारिश हो रही के कारण बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर आ गए और जनजीवन प्रभावित रहा। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 20 सेंटीमीटर वर्षा बचेली में रिकॉर्ड की गई, जबकि राजधानी रायपुर में 15 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हुई। इस बीच राजधानी रायपुर में जुलाई महीने की बारिश ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। जिले में अब तक करीब 59 सेंटीमीटर वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य औसत से 27 प्रतिशत अधिक है। वहीं पूरे प्रदेश में अब तक लगभग 59 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम बताई गई है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, मध्य छत्तीसगढ़ और उससे लगे ओडिशा क्षेत्र के ऊपर बना गहरा अवदाब अब पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आगामी दिनों में प्रदेश में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने दुर्ग संभाग और बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। राजधानी रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जुलाई को दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 30, 2026, 08:45 IST
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश से नदी-नाले उफान पर, कई जिलों में आज कम बरसेंगे बादल #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #SubahSamachar
