Kullu News: जलोड़ी दर्रा में हाईवे-305 बंद, निगम की बसें फंसीं
कुल्लू। मौसम में आए बदलाव से बाह्य सराज एक बार फिर जिला मुख्यालय से अलग-थलग हो गया है। मंगलवार देर रात से हो रही लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से हाईवे-305 जलोड़ी दर्रा में अवरूद्ध हो गया है। सड़क बंद होने से एचआरटीसी की कई बसें भी फंस गई हैं। वहीं, बाह्य सराज की 70 पंचायतों के लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। अप्रैल में हो रही बर्फबारी और बारिश से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। एक तरफ जहां बर्फबारी और बारिश से बागवानी को खासा नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है वहीं आनी-निरमंड के साथ रामपुर, शिमला, स्पीति, किन्नौर और करसोग क्षेत्र के लोगों का कुल्लू-मनाली या लाहौल आना-जाना मुश्किलभरा हो गया है।जानकारी के मुताबिक जलोड़ी दर्रा में 10 से 12 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। इससे न केवल बसों के पहिये थम गए हैं, बल्कि सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। वहीं, कुल्लू से आनी और आनी-निरमंड से जिला मुख्यालय कुल्लू, बंजार और मनाली आने वाले लोग और विद्यार्थी फंस गए हैं। स्थानीय निवासी सुनील कुमार, राम लाल, बेली राम और टेक सिंह ने कहा कि ताजा बर्फबारी से जलोड़ी दर्रा होकर जरूरतमंद लोगों का आना-जाना थम गया है। हालांकि, तीन दिन बाद मंगलवार दोपहर बाद बसों की आवाजाही शुरू हुई थी, लेकिन रात से हो रही बर्फबारी से अब फिर से यातायात ठप हो गया। इस संबंध में एचआरटीसी कुल्लू के उप मंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि हाईवे-305 बसों के लिए बंद हो गया है। निगम की तीन बसें आनी और रामपुर में फंस गई हैं।बागवानी पर भी मौसम की मारसेब के बगीचों में फ्लावरिंग शुरू हो गई है। कड़ाके की ठंड होने से फसल को बहुत नुकसान हो रहा है। सेब के लिए मौसम साफ होना चाहिए और तापमान भी 22 डिग्री से अधिक रहना चाहिए। मौसम के बिगड़े मिजाज से पहाड़ों में हुई ताजा बर्फबारी का असर सेब के उत्पादन पर पड़ेगा। ठंड से करीब 20 से 30 फीसदी फसल को नुकसान होने का अनुमान है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 08, 2026, 16:20 IST
Kullu News: जलोड़ी दर्रा में हाईवे-305 बंद, निगम की बसें फंसीं #Highway305ClosedAtJaloriPass #CorporationBusesStranded #SubahSamachar
