हिमाचल: वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े में गुरुग्राम से एक और गिरफ्तार, पूछताछ में हो सकते हैं कई खुलासे

पंजीकरण और लाइसेंसिंग प्राधिकरण (आरएलए) सोलन में वाहन पंजीकरण में हुए फर्जीवाड़े में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी साहुन खान को सोलन पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से पकड़ा है। आरोपी पर वाहन पोर्टल में हैक कर उसमें फर्जी आईडी बनाने का आरोप है। इस मामले में सोलन और बिलासपुर से अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने मई में मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज को गिरफ्तार किया था। गौरव से पूछताछ के बाद पुलिस साहुन खान तक पहुंची। साहुन इस फर्जीवाड़े की अहम कड़ी माना जा रहा है। इससे पहले पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कई बार गुरुग्राम में दबिश दी, लेकिन हर बार बचने में सफल रहा था। गौरतलब है कि सोलन की एसडीएम पूनम बंसल ने 26 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में यूपी नंबर के तीन ट्रॉलों के फर्जी पंजीकरण का जिक्र था। जांच में पता चला कि केवल तीन नहीं, बल्कि 70 से अधिक वाहन फर्जी तरीके से पंजीकृत किए गए थे। इन वाहनों को बिलासपुर और झंडूता के आरएलए में स्थानांतरित किया गया था। फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए 29 अक्तूबर 2025 को आरएलए सोलन के वाहन पोर्टल पर एसडीएम और पंजीकरण क्लर्क की दो फर्जी आईडी बनाई गई थीं। पुलिस अधीक्षक सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े में गुरुग्राम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ चल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से कई और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी। मामले में अभी और गिरफ्तारियां हो सकती है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 03, 2026, 21:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




हिमाचल: वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े में गुरुग्राम से एक और गिरफ्तार, पूछताछ में हो सकते हैं कई खुलासे #CityStates #HimachalPradesh #Shimla #Solan #HimachalFraudCase #SubahSamachar