Kotdwar News: आमसौड़-जमरगड्डी मार्ग के डामरीकरण व तीन पुलों के निर्माण की जगी उम्मीद
शासन ने की आपदा मद में 50 लाख की धनराशि स्वीकृत, रेट रिवाइज की प्रक्रिया पूरी होने के बाद होंगे टेंडरदुगड्डा (कोटद्वार)। खस्ताहाल आमसौड़-जमरगड्डी मार्ग व प्रस्तावित तीन स्टील पुलों के निर्माण की अब उम्मीद जगी है। शासन ने 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। निर्माण कार्य के लिए रेट रिवाइज की प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।शासन ने वर्ष 2018-19 में पांच किमी आमसौड़-जमरगड्डी मार्ग के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की थी। प्रथम चरण के कार्यों के लिए 321.22 लाख का बजट आवंटित किया गया था। कार्यदायी संस्था नेशनल प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनपीसीसी) पीआईयू दुगड्डा की ओर से रोड कटिंग का कार्य किया गया था।शासन की ओर से वर्ष 2020 में द्वितीय चरण के निर्माण कार्य के लिए 231.60 लाख की धनराशि आवंटित की गई जिसके तहत कॉजवे व डामरीकरण का कार्य किया जाना था। कार्यदायी संस्था ने मार्ग का डामरीकरण किया। वर्ष 2022 में शासन ने झवाणासार गदेरे में पुल निर्माण के लिए 1.72 करोड़ रुपये, काटल गांव के समीप सुनारी गदेरे में पुल निर्माण के लिए 1.52 करोड़ रुपये, जमरगड्डी मल्ली में पुल के लिए 1.68 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की। वहीं, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत न होने से ग्रामीणों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2023 की आपदा में झवाणासार व सुनारी गदेरे में निर्माणाधीन दोनों पुलों के नीचे का अधिकांश हिस्सा निकट की पहाड़ी के दरकने से खस्ताहाल हो गया है। जमरगड्डी तल्ली गांव में ग्रामीण बलवंत सिंह के आवास के निकट सड़क का करीब सौ मीटर हिस्सा ध्वस्त होने से बरसात में गांव में भू-धंसाव का खतरा भी बना है। ग्रामीण बलवंत सिंह, पूर्व प्रधान अनीता देवी, यशपाल सिंह आदि ने तीनों पुलों का निर्माण व खस्ताहाल मार्ग के डामरीकरण की मांग उठाई है। आमसौड़-जमरगड्डी मोटर मार्ग के आपदा से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के लिए शासन से आपदा मद में 50 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। रेट रिवाइज होते ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। बरसात से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। पुलों का शेष कार्य भी पूरा कराया जाएगा।- शुभम जैन, एई नेशनल प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन (एनपीसीसी) पीआईयू दुगड्डा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 17:06 IST
Kotdwar News: आमसौड़-जमरगड्डी मार्ग के डामरीकरण व तीन पुलों के निर्माण की जगी उम्मीद #HopesHaveArisenForTheAsphaltingOfTheAmsaud-JamargaddiRoadAndTheConstructionOfThreeBridges. #SubahSamachar
