रीवा के NH-39 पर कहर: अनियंत्रित ट्रेलर ने युवकों को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दो की हालत गंभीर
रीवानेशनल हाईवे 39 (रीवा-सीधी मार्ग) पर महसांव चौड़ियार मोड़ के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच की है। मृतक और उसके साथी सड़क किनारे बाइक पर बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी सीधी की ओर से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक के शरीर के चिथड़े उड़ गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पढ़ें:'अमृत भारत की स्पीड 160 किमी', कहकर घिरे मंत्री शाह, 110 की स्पीड को बढ़ा चढ़ाकर बता दिया; देखें वीडियो हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मनोज कोल (35) पिता स्वर्गीय सुदामा कोल, निवासी महसांव भैया टोला के रूप में हुई है। वहीं घायलों में छोटे कोल निवासी चौड़ियार मोड़ और उसका साला शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मनोज अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए यहां आया हुआ था, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चौड़ियार मोड़ पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही गुढ़ थाना प्रभारी शैल यादव सहित कई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। गुढ़ तहसीलदार अरुण यादव ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी और शासन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। महसांव सरपंच अभिजीत सिंह ने मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 5000 रुपये की सहायता प्रदान की। इसके बाद जाम समाप्त हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 29, 2026, 15:39 IST
रीवा के NH-39 पर कहर: अनियंत्रित ट्रेलर ने युवकों को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दो की हालत गंभीर #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Rewa #Mpnews #RewaNews #RewaViralNews #RewaLatestNews #RewaHindiNews #SubahSamachar
