बैतूल में झोलाछाप डॉक्टरों पर बड़ी कार्रवाई: दो अवैध क्लीनिक सील; खटिया-पलंग पर मरीजों का इलाज, दवाएं भी जब्त

बैतूल जिले में लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने भीमपुर ब्लॉक के चिखली गांव में दो अवैध क्लीनिकों पर छापा मारकर उन्हें सील कर दिया है। दरअसल, जिले में लगातार झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा बिना डिग्री के इलाज करने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी कड़ी में कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल ने चिखली गांव में दबिश दी। टीम ने सबसे पहले सतीश चौधरी के क्लीनिक पर छापा मारा। जांच के दौरान टीम भी हैरान रह गई। क्लीनिक में लगे हुए थे खटिया और पलंग इस कथित क्लीनिक में करीब आठ खटिया और पलंग लगे हुए थे, जिन पर मरीजों को सुलाकर इलाज किया जा रहा था। मौके से छह से सात बोरियों में भारी मात्रा में एलोपैथी दवाइयां, इंजेक्शन, डिस्पोजेबल सीरिंज, ग्लूकोज की बोतलें और इस्तेमाल की हुई डीएनएस की बोतलें बरामद हुईं। मौके पर कोई भी डॉक्टर अपनी डिग्री या पंजीयन नहीं दिखा पाया। कार्रवाई की भनक लगते ही कथित झोलाछाप डॉक्टर सतीश चौधरी मौके से फरार हो गया। दूसरे ठिकाने पर भी अवैध क्लीनिक और मेडिकल स्टोर इसके बाद टीम ने दूसरे ठिकाने पर छापा मारा, जो जामीनी विश्वास नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। यहां भी अवैध रूप से क्लीनिक और मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा था। जांच में यहां मानव और पशुओं की दवाइयां एक साथ रखी हुई मिलीं, जो अपने आप में गंभीर लापरवाही है। बताया जा रहा है कि जामीनी विश्वास पर पहले भी बिना योग्यता के इलाज करने के आरोप लग चुके हैं। ये भी पढ़ें-एमपी: बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार था पिता, पांचवें दिन ट्रेन के सामने आकर दी जान; भांजे से कही ये बात दोनों क्लीनिक सील, दवाइयां और मेडिकल सामग्री जब्त संयुक्त टीम ने दोनों ही स्थानों से भारी मात्रा में दवाइयां और मेडिकल सामग्री जब्त की है और दोनों क्लीनिकों को सील कर दिया गया है। जब्त सामग्री को भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब्त दवाइयों के लाइसेंस, डॉक्टरों की शैक्षणिक योग्यता और क्लीनिक के पंजीयन की जांच की जा रही है। बिना पंजीयन और डिग्री के इलाज करना पाए जाने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मचा हुआ है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 06, 2026, 10:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बैतूल में झोलाछाप डॉक्टरों पर बड़ी कार्रवाई: दो अवैध क्लीनिक सील; खटिया-पलंग पर मरीजों का इलाज, दवाएं भी जब्त #CityStates #Betul #MadhyaPradesh #BetulNews #BetulFakeDoctors #ChikhliIllegalClinic #BhimpurFakeDoctorRaid #IllegalClinicSealed #BetulHealthDepartmentAction #FakeDoctorActionMp #IllegalMedicalStore #SubahSamachar