Panipat News: 38 किशोरियों को लगाई एचपीवी की वैक्सीन

पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) की वैक्सीन लगाने का अभियान शनिवार से शुरू हो गया। पहले दिन 38 किशोरियों को वैक्सीन लगाई। अभियान का शुभारंभ पर मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बड़े भाई हरपाल ढांडा ने दीप प्रज्वलित कर किया। पहली वैक्सीन संजय चौक की एनी को लगाई। वहीं वैक्सीन लगते ही दो किशोरियां बेसुध हो गई। एक का सिर चकरा गया और उल्टी लगने की समस्या बनी। किशोरियों को मौके पर पानी तक नहीं मिला। मुख्य अतिथि भी किशोरियों का हाल जाने बिना ही चले गए। हरपाल ढांडा ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों में दूसरे स्थान पर रहने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) को जड़ से खत्म करना है। सीएमओ डॉ. विजय मलिक ने बताया कि अभियान की शुरूआत में शनिवार को सिर्फ जिला नागरिक अस्पताल में करीब 14 किशोरियों को टीकाकरण किया गया। जिले की सभी सीएचसी-पीएचसी और समालखा सामान्य अस्पताल में सोमवार से नियमित टीकाकरण शुरू किया जाएगा। नागरिक अस्पताल में मुख्य अतिथि की उपस्थिति में छह किशोरियों को वैक्सीन लगाई। पहली डोज संजय चौक की एनी को लगी। बत्रा कॉलोनी की संतोष, हनुमान कॉलोनी की परी, कुटानी रोड की शर्मिला, शिव नगर की ईरम और हनुमान कॉलोनी की पायल को लगाई। वैक्सीन लगते ही किशोरियों को कुछ देर के लिए वहीं बैठाया गया। मुख्यातिथि के कार्यक्रम में रहते हुए ही दो किशोरियां बत्रा कॉलोनी की संतोष और अंसल की परी बेशुध हो गई और एक को सिर चकराने के साथ उल्टी लगी। मुख्यातिथि में अपना भाषण पूरा किया और किशोरियों का हाल जाने बिना ही चले गए। अभी तक जिले को सिर्फ दो हजार वैक्सीन मिली हैं और करीब 14 हजार किशोरियों को टीकाकरण होना है।पानी की व्यवस्था न होने से हुई परेशानीअभियान के दौरान टीकाकरण कराने के लिए किशोरियां अभिभावकों और आशा कार्यकर्ताओं के साथ सुबह करीब 10:30 बजे ही अस्पताल पहुंची। मुख्यातिथि 11:30 बजे अस्पताल पहुंचे और अभियान का शुभारंभ किया। सुबह साढ़े दस बजे अस्पताल पहुंची किशोरियों का दोपहर 12 बजे यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण करना शुरू हुआ उसके बाद टीकाकरण किया गया। टीकाकरण स्थल पर व आस-पास पानी की व्यवस्था न होने से सभी को परेशानी उठानी पड़ी।फोटो कोट्स- पहले डर और बाद में हुआ गर्व महसूस-संजय चौक की एनी ने बताया कि वे अपनी मां के साथ सुबह 11 बजे अस्पताल पहुंच गई थी। मुख्यातिथि के आते ही टीकाकरण शुरू हुआ। उन्होंने पहले यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण करवाया और उसके बाद वैक्सीन लगवाई। जिले में पहली एचपीवी वैक्सीन लगने पर पहले उन्हें डर लगा फिर पहली वैक्सीन लगने का गर्व महसूस हुआ। फोटो कोट्स- घबराहट होकर हुई बेहोश- बत्रा कॉलोनी की संतोष और अंसल की परी ने बताया कि उन्हें वैक्सीन लगने के बाद कुछ घबराहट महसूस हुई और वे बेसुध हो गई। संतोष ने बताया कि उन्हें बेहोशी की स्थिति में चिकित्सकों ने हाथ-पैर रगड़कर पंखा चलाया और होश आने पर फ्रूटी पिलाई लेकिन परी को चिकित्सकों ने एक-दूसरे से मांगकर पानी दिया। पानी की व्यवस्था न होने पर बालिकाओं और उनके साथ आए अभिभावकों और आशा कार्यकर्ताओं को परेशानी हुई।फोटो कोट्स -वैक्सीन लगते ही सिर चकरा गया और उल्टी लगी-हनुमान कॉलोनी की परी ने बताया कि वे सुबह चावल-दाल खाकर आई थी। उन्हें वैक्सीन करीब दोपहर एक बजे लगी। वैक्सीन लगते ही उनका सिर चकरा गया और उल्टी लगने लगी। चिकित्सकों व उनकी मां ने उन्हें संभाला और पानी पिलाया। कुछ देर आराम करने के बाद उन्हें पहले से बेहतर महसूस हुआ और वे अपने घर गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 01, 2026, 03:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: 38 किशोरियों को लगाई एचपीवी की वैक्सीन #HPVVaccineAdministeredTo38TeenageGirls #SubahSamachar