HRTC Electric Buses: रूट दिए नहीं, सोलन से परवाणू शिफ्ट की नई इलेक्ट्रिक बसें
हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के रूट आवंटन को लेकर चल रहे इंतजार के बीते करीब डेढ़ महीने से सोलन में ही खड़ी 150 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसों को विभाग ने देर रात अचानक परवाणू सेब मंडी के लिए शिफ्ट कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इन बसों का अभी तक औपचारिक रूट आवंटन भी नहीं हुआ है, और इससे पहले ही इन्हें दूसरी जगह भेज दिया गया। इस अचानक हुई शिफ्टिंग के पीछे परिवहन विभाग द्वारा सोलन शहर में आगामी 13 और 14 जून को होने वाले सत्संग ब्यास कार्यक्रम का तर्क दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस बड़े धार्मिक समागम के दौरान शहर में गाड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और पार्किंग की समस्या से बचने के लिए इन बसों को अस्थाई रूप से परवाणू शिफ्ट किया गया है। गौरतलब है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार ये अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसें पिछले करीब डेढ़ महीने से सोलन में ही खड़ी धूल फांक रही थीं। स्थानीय लोग और विभाग लंबे समय से इनके रूट आवंटन की उम्मीद लगाए बैठे थे ताकि इन्हें सड़कों पर उतारा जा सके और जनता को इसका लाभ मिले। लेकिन आवंटन प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही इतनी बड़ी संख्या में बसों को देर रात परवाणू सेब मंडी भेजने के फैसले ने अब कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं कि क्या वाकई यह केवल दो दिन के कार्यक्रम के लिए किया गया इंतजाम है या इसके पीछे कोई और विभागीय पेच है। उधर, आरएम सोलन सुरेंद्र राजपुत ने बताया कि बसों का जल्द ही आवंटन किया जाएगा। इसके लिए आला अधिकारियों की ओर तैयारियां की जा रही है। सोलन में एक बड़ा आयोजन होने वाला है, इसके लिए यहां पर संबंधित आयोजन में आने वाले लोगों के वाहनों को पार्क किया जाएगा, जिसके चलते इन बसों को परवाणू एमपीएमसी मैदान में खड़ा किया गया है। जहां पर यह बसें सुरक्षित भी रहेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 22:43 IST
HRTC Electric Buses: रूट दिए नहीं, सोलन से परवाणू शिफ्ट की नई इलेक्ट्रिक बसें #CityStates #Shimla #Solan #HrtcElectricBuses #SubahSamachar
