Kangra News: धर्मशाला में एचआरटीसी की नई इलेक्ट्रिक बस का सफल ट्रायल
धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में सोमवार को धर्मशाला के विभिन्न रूटों पर इलेक्ट्रिक बस का सफल ट्रायल किया गया। परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस ट्रायल के दौरान बस की गति, चार्जिंग क्षमता और अन्य तकनीकी सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई।अजय वर्मा ने कहा कि ट्रायल के दौरान ई-बस को धर्मशाला से शाहपुर, धर्मशाला से घेरा और धर्मशाला से मैक्लोडगंज के रूटों पर चलाकर देखा गया। एक बार फुल चार्ज होने पर यह बस 180 किलोमीटर का सफर तय कर रही है। बस की वास्तविक क्षमता को मापने के लिए इसमें सवारियों के वजन के बराबर मिट्टी की बोरियां रखकर ट्रायल लिया गया। वर्तमान में बस में 30 सीटें हैं, जिन्हें कंपनी (ऑलेक्ट्रा) द्वारा बढ़ाकर 32 किया जाएगा। प्रदेश भर में चल रहे इन परीक्षणों के बाद एचआरटीसी के बेड़े में कुल 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिनकी पहली खेप अप्रैल माह में पहुंचने की उम्मीद है। एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि इन बसों के रख-रखाव का जिम्मा 12 वर्षों तक ऑलेक्ट्रा कंपनी का होगा। सभी डिपुओं के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) बस रूटों की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं, ताकि चार्जिंग और दूरी के अनुसार सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके। इस मौके पर एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा, क्षेत्रीय प्रबंधक साहिल कपूर, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी और एचआरटीसी के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 17:39 IST
Kangra News: धर्मशाला में एचआरटीसी की नई इलेक्ट्रिक बस का सफल ट्रायल #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
