Ambala News: एचटेट परीक्षा कल, अंबाला पंचकूला के 12,219 परीक्षार्थी बैठेंगे
अंबाला सिटी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को नकल रहित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधीश अजय सिंह तोमर ने 4 और 5 जुलाई को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 लागू करने के आदेश दिए हैं। 4 जुलाई को लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा दोपहर 3.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित होगी। वहीं 5 जुलाई को लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक तथा लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित की जाएगी।इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धारा-223 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अंबाला और पंचकूला जिले के कुल 12,219 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को तीन स्तरों में बांटा गया है। लेवल-3 (पीजीटी) के लिए 13 परीक्षा केंद्रों पर 4,114 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। लेवल-2 (टीजीटी) के लिए 20 परीक्षा केंद्रों पर 6,141 अभ्यर्थी बैठेंगे। लेवल-1 (पीआरटी) के लिए सात परीक्षा केंद्रों पर 1,964 अभ्यर्थी शामिल होंगे।परीक्षा केंद्रों पर रहेगी सख्त पाबंदियांजिलाधीश के आदेशों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मोबाइल ले जाने पर भी पूरी तरह पाबंदी होगी। परीक्षा वाले दोनों दिन सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक परीक्षा केंद्रों के पास स्थित सभी प्रतिलिपि की दुकानें बंद रहेंगी। उपायुक्त ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।नकल रोकने के लिए हाईटेक इंतजामपरीक्षा में नकल रोकने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सिग्नल अवरोधक, बॉयोमीट्रिक हाजिरी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। निगरानी कैमरे भी लगाए गए हैं। सघन जांच का भी प्रबंध है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल अधिकृत अधिकारियों और कर्मचारियों को ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश मिलेगा। सभी स्टाफ सदस्यों को अपना पहचान पत्र गले में लटकाना अनिवार्य होगा। ब्यूरो
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 03, 2026, 01:14 IST
Ambala News: एचटेट परीक्षा कल, अंबाला पंचकूला के 12,219 परीक्षार्थी बैठेंगे #HTETExamTomorrow #12 #219CandidatesFromAmbalaAndPanchkulaWillAppearForIt. #SubahSamachar
