Aligarh News: त्योहार से पहले बाजारों में जबरदस्त भीड़

शहर के सभी बाजार रंगबिरंगी रोशनी से सज गए हैं, धनतेरस आज मनाई जाएगी। पूरे वर्ष में खरीदारी करने के इस सबसे बड़े शुभ अवसर के लिए बाजार सज गए हैं। रंगबिरंगी रोशनी में सजी दुकानों में फूलों की सजावट की गई है। ग्राहकों की सुविधा के लिए अधिकतर शोरुमों और दुकानों में अतिरिक्त स्टाफ लगाया गया है। ग्राहकों की सुविधा के लिए चाय-पानी की व्यवस्था भी की गई है। प्रापर्टी, वाहन, सराफा, बर्तन, कपड़ा-साड़ी, फुटवियर की खरीदारी लगातार बढ़ रही है। धनतेरस के दिन पूरे जिले में लगभग 1500 करोड़ रुपये की खरीदारी होने का अनुमान है। सबसे अधिक भीड़ सराफा की दुकानों पर है। रेलवे रोड, फूल चौराहा, मदारगेट, बड़ा बाजार, पत्थर बाजार, बारहद्वारी, सराय हकीम, मसूदाबाद, सराय लवरिया, जयगंज, आगरा रोड, सासनीगेट, रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड, समद रोड, स्टेशन रोड, क्वार्सी चौराहा, एटा चुंगी चौराहा, मेडिकल रोड, दोदपुर, अमीरनिशा, लक्ष्मी बाईमार्ग सहित शहर के सभी बाजारों में त्योहार की रौनक है। हर तरफ ग्राहक अपनी मनपसंद खरीदारी कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी पूरे दिन बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। नया मकान, नई दुकानों आज पूजन कराया जाएगा। इसके साथ ही फ्लैट और मकानों में भी गृहप्रवेश किया जाएगा। इस बार प्रापर्टी कारोबार ने अच्छा रिकॉर्ड बनाया है। लगभग 650 करोड़ रुपये की खरीद-फरोख्त होने का अनुमान है। धनतेरस के मौके पर सराफा और मोबाइल की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ उमड़ रही है। इसके अलावा रेडीमेड के ब्रांडेड शोरूम, घड़ी, लैपटॉप, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक शोरूमों में बहुत भीड़ हो रही है। मिठाई, नमकीन और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ रही है। धनतेरस के दिन अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। नवरात्र के बाद से बाजार में कारोबार को लगातार गति मिल रही है। -विवेक बगाई, अध्यक्ष सेंटर प्वाइंट व्यापार मंडल।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 06, 2026, 02:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Aligarh News: त्योहार से पहले बाजारों में जबरदस्त भीड़ #AligarhNews #Dhanteras #SubahSamachar