मैं आईपीएस बोल रहा हूं: सेवानिवृत अधिकारी और उनकी पत्नी को किया 19 दिन डिजिटल अरेस्ट, 42 लाख ठगे, रिपोर्ट दर्ज
साइबर ठगों ने अलीगढ़ में नौरंगाबाद एटा चुंगी इलाके के सेवानिवृत्त जिला कृषि अधिकारी और उनकी पत्नी को डिजिटल अरेस्ट कर 42 लाख रुपये ठग लिए गए। इस मामले में उनके बेटे ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एटा चुंगी मुकुंद नगर के शिवम कौशिक ने बताया कि उनके पिता सेवानिवृत्त जिला कृषि अधिकारी नत्थी लाल और मां राजबाला घर में अकेले रहते हैं। वे ग्रेटर नोएडा में नौकरी करते है। उन्हें उनके पिता ने एक दिन पहले यह जानकारी दी कि 10 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी। उधर से व्यक्ति ने कहा कि आपके नाम से जारी सिम पर करंट अकाउंट खोला गया। इसमें दो लाख और 68 लाख रुपये का संदिग्ध लेन देन हुआ है। इसमें वारंट जारी हुआ है। वीडियो कॉल कर खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर पुलिस कार्यालय का नजारा दिखाया गया। बाद में कोर्ट कचहरी का डर दिखाकर कहा कि अगर किसी को कुछ बताया व घर से बाहर गए तो दिक्कत हो जाएगी। दंपती इतने डरे हुए थे कि वे घर से भी नहीं निकले। उनके डर में 28 जनवरी को 14 लाख और 29 जनवरी को 28 लाख रुपये अलग-अलग खातों में कुल 42 लाख रुपये बैंक भेजकर आरटीजीएस के जरिये अपने खातों में डलवा लिए। बेटा घर आया, पर कुछ नहीं बताया बुजुर्ग दंपती इस कदर डर में थे कि उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया। बेटा शिवम इस बीच तीन से चार बार नोएडा से घर आया, लेकिन माता-पिता ने उसे भी कुछ नहीं बताया। एक दिन पहले पिता ने बेटे को पूरी घटना बताई, तब ठगी का खुलासा हुआ। मामले में साइबर टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और वीडियो काल से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। एसपी देहात अमृत जैन ने बताया कि जल्द इस घटना का खुलासा किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 13:12 IST
मैं आईपीएस बोल रहा हूं: सेवानिवृत अधिकारी और उनकी पत्नी को किया 19 दिन डिजिटल अरेस्ट, 42 लाख ठगे, रिपोर्ट दर्ज #CityStates #Aligarh #UttarPradesh #DigitalArrest #HusbandWife #RetiredAgricultureOfficer #NaurangabadAligarh #CyberCrime #AligarhCrimeNews #AligarhNews #SubahSamachar
