Auraiya News: पाइप उठाते समय पलटी हाइड्रा, सुपरवाइजर की मौत
भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के सारंगपुर के मजरा छावन में निर्माणाधीन कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री में बृहस्पतिवार को पाइप उठाने के दौरान हाइड्रा मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। मशीन की चपेट में आने से सुपरवाइजर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा तफरी मच गई। आनन-फानन में कर्मचारी व मजदूर वहां से काम छोड़कर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।थाना क्षेत्र के सारंगपुर के मजरा छावन में एक कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री का निर्माण कार्य चल रहा है। फैक्ट्री में बाराबंकी जिले के थाना टिकैतनगर क्षेत्र के करौनी गांव निवासी शिवम गौतम (22) सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। बृहस्पतिवार को वह काम के दौरान टाई रॉड का नंबर बताने के लिए साइट पर मौजूद थे। मृतक के पिता जगजीवन ने बताया कि फैक्ट्री में करीब 200 कुंतल वजन की पाइप लाइन को हाइड्रा मशीन से उठाया जा रहा था। पास में ही गहरी खाई होने और मशीन की क्षमता से अधिक भार होने के कारण हाइड्रा अनियंत्रित होकर पलट गई। मशीन के आगे का नुकीला हिस्सा शिवम के सिर पर जा गिरा, जिससे उसका सिर और दाहिना पैर बुरी तरह कुचल गया। आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी का स्टाफ और अधिकारी मौके से भाग निकले। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मजदूरों की जान जोखिम में डालने का भी आरोप लगाया है। शिवम दो भाइयों में बड़ा था और उसके पिता भी इसी फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 18:36 IST
Auraiya News: पाइप उठाते समय पलटी हाइड्रा, सुपरवाइजर की मौत #HydraOverturnedWhileLiftingPipe #SupervisorDied #SubahSamachar
