Noida News: मांगे नहीं मानीं तो आज से नहीं उठेगा शहर का कूड़ा

मांगे नहीं मानीं तो आज से नहीं उठेगा शहर का कूड़ा-वेतन वृद्धि की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने किया एलानमाई सिटी रिपोर्टरग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में कूड़ा उठाने की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार से कूड़ा नहीं उठाने का ऐलान कर दिया। पिछले दिनों नोएडा में भी इसी तरह कूड़ा उठाया जाना बंद होने से स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी मुख्य गेट के सामने सफाई कर्मचारी धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शन के दौरान लोगों की संख्या बढ़ने से पुलिस तैनात कर दी गई है। प्राधिकरण की सुरक्षा में लगे पूर्व सैनिक भी तैनात दिखे। बुधवार को ही मुख्य गेट से आवाजाही भी बंद करा दी गई थी। धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों का कहना है कि संयुक्त रूप से सहमति बनी है कि अगर शुक्रवार सुबह तक सकारात्मक फैसला प्राधिकरण की तरफ से नहीं हुआ तो कूड़ा उठान बंद कर दिया जाएगा। अनिश्चितकालीन धरना सफाई कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चा के बैनर तले चल रहा है।ठेकेदारी व्यवस्था में सेवाएं दे रहे सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जिले में हुए श्रमिक आंदोलन के बाद प्राधिकरण ने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया, लेकिन उनका वेतन नहीं बढ़ाया। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष महेश ने बताया कि अप्रैल में प्रदेश सरकार ने सभी कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की है, लेकिन सफाई कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। सफाई कर्मचारियों के विभिन्न संगठन उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ, सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन और भारतीय मजदूर परिषद वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों ने तय किया है कि शुक्रवार से किसी भी सफाई कर्मचारी को कूड़ा उठाने का काम नहीं करने दिया जाएगा। वेतन बढ़ाने के साथ नियमित करने, सुरक्षा उपकरण और ठेका प्रथा खत्म करने की भी मांग की है। वहीं प्राधिकरण के अधिकारी सफाई कर्मचारियों से सुलह का प्रयास कर रहे हैं। दावा है कि सफाई कर्मचारियों को नोएडा प्राधिकरण की तुलना में अधिक वेतन पहले से दिया जा रहा है। ब्यूरो

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 02, 2026, 19:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida News: मांगे नहीं मानीं तो आज से नहीं उठेगा शहर का कूड़ा #IfDemandsAreNotMet #TheCity'sGarbageWillNotBeCollectedStartingToday. #SubahSamachar