संविवि: आईआईटी कानपुर के चेयर प्रोफेसर आशुतोष शर्मा होंगे दीक्षांत के मुख्य अतिथि, राज्यपाल करेंगी अध्यक्षता
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि आईआईटी कानपुर के चेयर प्रोफेसर व वैज्ञानिक प्रो. आशुतोष शर्मा होंगे। 30 जुलाई को विवि के मुख्य भवन में होने वाले दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी। वहीं, विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय होंगे और सारस्वत अतिथि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी होंगी। विवि के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि दीक्षांत समारोह भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत संस्कृति और आधुनिक विज्ञान का महाकुंभ बनेगा। समारोह में जिन मेधावियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध उपाधियों के साथ स्वर्ण पदक प्रदान किया जाना है, उनकी सूची तैयार की जा रही हैं। कुलपति ने बताया कि मुख्य अतिथि प्रो. आशुतोष शर्मा भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के पूर्व सचिव रह चुके हैं। उन्होंने नैनो विज्ञान, रासायनिक अभियांत्रिकी, उन्नत पदार्थ विज्ञान एवं विज्ञान-प्रौद्योगिकी नीति के क्षेत्र में भारत को वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय में विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्हें पद्मश्री, शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार, इंफोसिस पुरस्कार, यूनेस्को मेडल सहित अनेक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इस बार समारोह का विषय संस्कृत एवं भारतीय ज्ञान परंपरा : विकसित भारत-2047 की आधारशिला है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 17:32 IST
संविवि: आईआईटी कानपुर के चेयर प्रोफेसर आशुतोष शर्मा होंगे दीक्षांत के मुख्य अतिथि, राज्यपाल करेंगी अध्यक्षता #CityStates #Varanasi #SampurnanandSanskritUniversity #VaranasiNews #SanskritUniversityConvocation #SubahSamachar
