रायपुर में अवैध शराब नेटवर्क का भंडाफोड़: पुलिस ने मास्टरमाइंड दीपक मुदलियार को किया गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने अवैध शराब के संगठित कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे इस गिरोह के मुख्य सरगना दीपक मुदलियार को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला थाना गंज क्षेत्र का है, जहां जनवरी 2026 में प्रभात टॉकीज के पीछे भट्ठी इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध देशी मसाला शराब बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान 42.840 बल्क लीटर शराब (238 पौवा) और करीब 3.40 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। कुल मिलाकर 4.28 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पुलिस के हाथ लगी थी। इस मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के जरिए जांच को आगे बढ़ाया। जांच में सामने आया कि यह अवैध कारोबार पूरी तरह संगठित तरीके से चलाया जा रहा था, जिसमें भंडारण से लेकर सप्लाई तक का नेटवर्क सक्रिय था। कार्रवाई के शुरुआती दौर में ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश साहू और गोपाल दास मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद फरार चल रहे अन्य आरोपी राजेश नागेश और दीप पाल सागर को भी पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इन आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मुख्य सरगना तक पहुंचने में सफल रही। आखिरकार पुलिस ने दीपक मुदलियार को गिरफ्तार कर 30 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 31, 2026, 21:39 IST
रायपुर में अवैध शराब नेटवर्क का भंडाफोड़: पुलिस ने मास्टरमाइंड दीपक मुदलियार को किया गिरफ्तार #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #RaipurIllegalLiquorCase #DeepakMudaliarArrest #ChhattisgarhLiquorMafia #RaipurPoliceAction #IllegalAlcoholNetworkIndia #ExciseActCaseRaipur #SubahSamachar
