Hamirpur (Himachal) News: पटाखों से जलने पर मिलेगा तत्काल उपचार, मेडिकल कॉलेज में पुख्ता इंतजाम

विशेष दवाइयों, क्रीम और पट्टियों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, आपातकालीन स्टाफ को अलर्ट रहने के निर्देशसंवाद न्यूज एजेंसीहमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में बर्न इंजरी के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पिछले साल पटाखे चलाते समय करीब 25 लोग आग से झुलस गए थे। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही आपातकालीन तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेडिकल कॉलेज में बर्न इंजरी के मरीजों के उपचार के लिए दवाइयों, विशेष पट्टियों और अन्य जरूरी बचाव सामग्री का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध करवाया है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बर्न इंजरी के मरीजों को तत्काल उपचार देने के लिए विशेष व्यवस्था की है। इसमें बर्न ड्रेसिंग के लिए विशेष पट्टियां, बर्न क्रीम, एंटीसेप्टिक दवाइयां, दर्द निवारक दवाएं और घाव को संक्रमण से बचाने वाली जरूरी सामग्री शामिल है। इसके साथ ही मरीजों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर स्थिति में बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की व्यवस्था है। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को दिवाली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। खासकर आपातकालीन सेवाओं में तैनात स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि पटाखों से झुलसने का कोई भी मामला सामने आने पर मरीज को बिना देरी किए उपचार उपलब्ध करवाया जाए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को भी दिवाली के मद्देनजर आवश्यक तैयारियां रखने को कहा है। अस्पतालों में दवाइयों, ड्रेसिंग सामग्री और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। पटाखे से जलने पर घबराएं नहीं, अपनाएं ये उपायस्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि पटाखे चलाते समय सावधानी बरतें। यदि कोई व्यक्ति आग से झुलस जाता है तो सबसे पहले उसे आग के स्रोत से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाएं। जले हुए हिस्से को करीब 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। शरीर पर चिपके कपड़ों को जबरदस्ती न खींचें और जले हुए हिस्से पर बर्फ, टूथपेस्ट, घी या तेल न लगाएं। घाव को साफ, सूखे और ढीले कपड़े या स्टेराइल ड्रेसिंग से ढककर तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। बड़े घाव, चेहरे, हाथों, पैरों या सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें। बॉक्सग्रीन दिवाली मनाएं, खुशियों में न घोलें धुआं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से ग्रीन दिवाली मनाने की अपील करते हुए कहा है कि पटाखों के अत्यधिक इस्तेमाल से न केवल आग से झुलसने की घटनाएं होती हैं, बल्कि वायु और ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें। पटाखे खुले स्थान पर ही चलाएं और पानी की बाल्टी तथा रेत पास रखें। ज्वलनशील वस्तुओं, वाहनों और बिजली के तारों के आसपास पटाखे न चलाएं।कोट-दिवाली को सुरक्षित तरीके से मनाएं। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त इंतजाम हैं।-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर। -किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में आवश्यक इंतजाम किए हैं। वहीं चिकित्सकों को निर्देश दिए हैं। -डॉ. सतीश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 07, 2026, 15:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hamirpur (Himachal) News: पटाखों से जलने पर मिलेगा तत्काल उपचार, मेडिकल कॉलेज में पुख्ता इंतजाम #ImmediateTreatmentAvailableForFirecrackerBurns;RobustArrangementsInPlaceAtTheMedicalCollege. #SubahSamachar