Dinesh Trivedi: दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश का उच्चायुक्त बनाए जाने की चर्चा, अमित मालवीय ने दी 'बधाई'

पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से सांसद रहे और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश का अगला उच्चायुक्त बनाए जाने की चर्चा है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बधाई दी है। दिनेश त्रिवेदी उच्चायुक्त प्रणय वर्मा की जगह ले सकते हैं। वहीं प्रणय वर्मा को यूरोपीयन यूनियन में भारत का राजदूत बनाकर ब्रसेल्स भेजा जा रहा है। सरकार के इस फैसले को भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि सरकार की ओर से त्रिवेदी की नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। दिनेश त्रिवेदी की नियुक्ति को लेकर भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय और भाजपा सांसद राजू बिस्टने ट्वीट कर बधाई दी है।अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा, वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और बैरकपुर के सांसद दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किए जाने पर बधाई। वहीं दार्जिलिंग से भाजपा के सांसद राजू बिस्ट ने एक्स पर लिखा, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश त्रिवेदी जी को बांग्लादेश में भारत के अगले राजदूत के रूप में नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई। त्रिवेदी जी एक अनुभवी नेता हैं, जिन्हें रेल मंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री के रूप में काम करने का व्यापक अनुभव प्राप्त है। उनकी यह नियुक्ति ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हुई है, जब भारत और बांग्लादेश अपने द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण राजनयिक दायित्व के लिए आपको मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है कि आपका कार्यकाल हमारे दोनों राष्ट्रों के बीच मित्रता, सहयोग और आपसी समृद्धि के संबंधों को और अधिक गहरा करेगा। कौन हैं दिनेश त्रिवेदी यूपीए सरकार के दौर में दिनेश त्रिवेदी ने रेल मंत्री के अलावा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी निभाई। वर्ष 2012 में रेल बजट में यात्री किराया बढ़ाने के प्रस्ताव पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। इस फैसले का ममता बनर्जी ने कड़ा विरोध किया और आखिरकार त्रिवेदी को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। बाद में टीएमसी के कोटे से मुकुल रॉय को रेल मंत्री बनाया गया था। दिनेश त्रिवेदी ने 12 फरवरी 2021 को टीएमसी से इस्तीफा दिया और अगले महीने 6 मार्च 2021 को बीजेपी का दामन थाम लिया था। त्रिवेदी पश्चिम बंगाल की बैरकपुर लोकसभा सीट से 2009 से 2019 तक सांसद रहे। इसके अलावा, वे 1990-96 और 2002-08 के दौरान राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। 75 पार त्रिवेदी काफी अनुभवी राजनेता रहे हैं। त्रिवेदी करियर डिप्लोमैट प्रणय वर्मा की जगह लेंगे। त्रिवेदी की चर्चा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और बांग्लादेश मोहम्मद यूनुस प्रकरण के बाद अपने संबंधों को सुधारने के प्रयास में लगे हुए हैं। दोनों देशों के संबंध तब खराब हुए थे, जब देशभर में चले आंदोलन के बाद तख्तापलट हुआ और तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटा दिया गया था। अमेरिका समर्थित यूनुस के कार्यकाल के दौरान भारत और बांग्लादेश के संबंधों में तल्खी स्पष्ट तौर पर दिखी थी। हाल ही में बांग्लादेश में संसदीय चुनाव हुए जिसमें बीएनपी के तारिक रहमान प्रधानमंत्री चुने गए। उनके आने के बाद भारत-बांग्लादेश संबंधों में सुधार के संकेत साफ दिखे हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 19, 2026, 13:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Dinesh Trivedi: दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश का उच्चायुक्त बनाए जाने की चर्चा, अमित मालवीय ने दी 'बधाई' #IndiaNews #National #Bangladesh #DineshTrivedi #SubahSamachar