Indore: इंदौर में 15 साल के किशोर ने प्रेमानंद महाराज के लिए घर छोड़ा, गुमशुदगी दर्ज
इंदौर में मोबाइल पर प्रेमानंद महाराज के वीडियो और रील देखने वाले एक 15 वर्षीय किशोर पर उनकी बातों का इतना प्रभाव पड़ा कि वह घर छोड़ कर निकल गया। उसने परिवारवालों के लिए एक पत्र भी छोड़ा। जिसमें लिखा कि- मां, पापा, भैया और दीदी मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूं। आप लोग मुझे खोजना मत और न ही रोना। मैं अपने माता-पिता के पास जा रहा हूं। परिजनों ने किशोर के लापता होने पर थाने में रिपोर्ट लिखवाई। पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना इंदौर की कृष्णपुरा कॉलोनी में हुई। यहां रहने वाले एक परिवार ने थाने में अपने बेटे के लापता होने की शिकायत की और कहा कि किशोर ने एक पत्र भी छोड़ा है। किशोर मोबाइल फोन भी चलाता था। जांच में पता चला कि किशोर ने देहरादून जाने वाली ट्रेन भी गूगल पर सर्च की। इसके बाद अब वहां की पुलिस को भी बच्चे की तस्वीर व अन्य दस्तावेज भेजकर अलर्ट कर दिया गया है। बच्चे ने अपने एक साथी से घर से निकलने के लिए पांच सौ रुपये लिए थे। पत्र में यह भी जिक्र किया कि उसके दोस्त को पांच सौ रुपये लौटा देना। परिजनों ने बताया कि वह स्वामी प्रेमानंद महाराज से काफी प्रभावित था और उनके प्रवचन सुनता था और अक्सर उनके बारे में बात करता था। वह रोज मंदिर भी जाता था और पूजा पाठ भी करता था। उन्होंने आशंका जताई है कि किशोर उनके आश्रम की तरफ रवाना हुआ है। उसे रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर परिजनों ने खोजा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 12, 2026, 15:14 IST
Indore: इंदौर में 15 साल के किशोर ने प्रेमानंद महाराज के लिए घर छोड़ा, गुमशुदगी दर्ज #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #MpNewsUpdateInHindi #MpNewsUpdate #MpLiveNewsindoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #SubahSamachar
