इंदौर: इंदौर की स्कीम-140 में सड़क पर बही नर्मदा, टंकियों को भरने वाली लाइन फूटी
इंदौर के स्कीम नंबर-140 के मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर नदी जैसा नजारा दिखाई दिया। टंकियों को भरने वाली नर्मदा की वितरण लाइन फूट गई और सड़कों पर पानी बहने लगा। इस कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने नर्मदा लाइन फूटने की जानकारी अधिकारियों को दी। इसके बाद पानी की सप्लाई बंद की गई। तब तक लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह चुका था। शहर में कम बारिश के कारण पैदा हो रही जलसंकट की स्थिति से निपटने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव लगातार लोगों से पानी बचाने की अपील कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम की व्यवस्था में खामियों के कारण बार-बार पाइपलाइन फूटने से नर्मदा का पानी सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है। मंगलवार दोपहर स्कीम नंबर-140 के मुख्य मार्ग पर नर्मदा की लाइन फूट गई। इसके बाद पाइपलाइन से पानी बहने लगा। मुख्य मार्ग से बहता हुआ पानी कॉलोनी की सड़कों तक पहुंच गया। करीब आधे घंटे तक यही स्थिति बनी रही। इसके बाद पानी का बहाव बंद हुआ। जिस लाइन में लीकेज हुआ, उससे मुसाखेड़ी, कृषि नगर और स्कीम नंबर-140 की टंकियां भरी जाती हैं। जलकार्य समिति प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा ने कहा कि लाइन में लीकेज की जानकारी मिलते ही वाल्व बंद करा दिए गए। लाइन को दुरुस्त करने के बाद फिर से टंकियां भरने का काम शुरू किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 10:39 IST
इंदौर: इंदौर की स्कीम-140 में सड़क पर बही नर्मदा, टंकियों को भरने वाली लाइन फूटी #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #MpNewsInHindi #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #MpNewsUpdateInHindi #MpNewsUpdate #SubahSamachar
