Indore News: सट्टे में फंसा दूध व्यापारी, 20 लाख के कर्ज ने ले ली जान
इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बांगड़दा इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां रहने वाले एक दूध विक्रेता आकाश तिवारी ने कर्जदारों के उत्पीड़न से तंग आकर जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना बुधवार की है जब आकाश ने बड़ा गणपति क्षेत्र के समीप जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए बाठिया अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की मर्ग जांच शुरू कर दी है। सट्टे की लत और 20 लाख का भारी कर्ज बना मौत का कारण पारिवारिक सूत्रों और शुरुआती जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि आकाश पर लगभग 20 लाख रुपए का भारी कर्ज हो गया था। बताया जा रहा है कि यह कर्ज क्रिकेट के सट्टे में हुए नुकसान के कारण हुआ था। इसी कर्ज की वसूली के लिए लेनदार उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और मानसिक रूप से दबाव बना रहे थे। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी, एक छोटा बेटा, मां और बड़ा भाई विकास हैं, जो इस घटना के बाद से गहरे सदमे में हैं। मृत्यु पूर्व दिए बयानों में कई नाम उजागर हुए मल्हारगंज टीआई वीरेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार, मृत्यु से पहले आकाश के बयान दर्ज किए गए हैं। अपने बयान में उसने स्पष्ट रूप से उन लोगों का जिक्र किया है जो उसे पैसों के लिए परेशान कर रहे थे। आकाश ने संजय उर्फ संजू पंवार, पम्मी, हरी सोनी, नरेंद्र की पत्नी और एक क्रिकेट बुकी के नामों का खुलासा किया है। हालांकि, पुलिस को मौके से या तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और न ही उसके मोबाइल में कोई सुसाइड वीडियो मिला है। पुलिस ने मोबाइल जांच के लिए भेजा पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आकाश के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है। कॉल रिकॉर्ड्स और संदेशों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि उन लोगों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें जो उसे आत्महत्या के लिए उकसा रहे थे। टीआई ने आश्वस्त किया है कि बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 18:33 IST
Indore News: सट्टे में फंसा दूध व्यापारी, 20 लाख के कर्ज ने ले ली जान #CityStates #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #SubahSamachar
