Kullu News: सड़क हादसे को पहल, लावारिस पशुओं को पहनाए फ्लोरोसेंट पट्टे
कुल्लू। जिले की ग्राम पंचायत जरड़ भुट्टी कॉलोनी में युवाओं ने सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सराहनीय पहल की है। ध्रुव युवक मंडल ने बेसहारा पशुओं के गले में फ्लोरोसेंट (रिफ्लेक्टिव कॉलर) पट्टे लगाने का अभियान शुरू किया है, जिससे रात के समय वाहन चालकों को पशु दूर से दिखाई दे सकें।पंचायत के उपप्रधान रवि ठाकुर के नेतृत्व में मंडल के सदस्यों ने अब तक 100 से अधिक पशुओं के गले में रिफ्लेक्टिव कॉलर लगाए हैं। वाहन की लाइट पड़ते ही ये पट्टे दूर से चमकने लगते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हो जाती है।उपप्रधान रवि ठाकुर ने बताया कि रात के समय बेसहारा पशुओं के कारण कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान भी गई है। इसी को देखते हुए युवाओं ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए यह अभियान शुरू किया है, ताकि सड़क पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।जिला परिषद सदस्य प्रकाश चौधरी ने अभियान के लिए आवश्यक फ्लोरोसेंट पट्टों की व्यवस्था कर सहयोग दिया। ध्रुव युवक मंडल के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और हादसों में कमी आएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 17, 2026, 16:11 IST
Kullu News: सड़क हादसे को पहल, लावारिस पशुओं को पहनाए फ्लोरोसेंट पट्टे #KulluNewsHpNews #SubahSamachar
