Basti News: अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
बस्ती। गौर थाना, एसओजी एवं एंटी थेफ्ट की संयुक्त टीम के हत्थे अंतरजनपदीय चोरों का गिरोह चढ़ा है। इसमें शामिल पांच शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार आरोपी सीतापुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि चोरी के जेवरात खरीदने का आरोपी बहराइच का बताया गया है।आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त एक लग्जरी कार, 15 ग्राम पीली धातु का टुकड़ा, 400 ग्राम सफेद धातु का टुकड़ा, 17,040 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। एएसपी श्यामकांत और सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने गौर थाना क्षेत्र के दो गांवों में हुई चोरी की घटना का अनावरण करते हुए बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह को पकड़ लिया गया है।इसमें शामिल आरोपियों की पहचान राजकुमार वर्मा निवासी औरीसायपुर, सोनेलाल उर्फ सोनू चौहान, निवासी कुट्टी सुपौली, मौजा लोनिया पुरवा, अवधेश चौहान निवासी बेदौरा, थाना रेउसा और धनीराम निवासी ऊंचगांव करहेका के रूप में हुई है। जबकि पांचवां आरोपी आमिर बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र के महराजगंज जोत चांदपार का रहने वाला है। इन्हें गौर थाना क्षेत्र के सौराहा क्रॉसिंग से गिरफ्तार किया गया है।पूछताछ में सीतापुर जिले के आरोपियों ने स्वीकार किया कि 10/11 अक्तूबर की रात 1:00 बजे से 02:30 बजे के मध्य गौर थाना क्षेत्र के ग्राम उकरहा में एक घर में खिड़की के रास्ते उतरकर कमरे में दाखिल हुए थे और सोने-चांदी के जेवरात व दो हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे।इसके बाद बगल के गांव रानीपुर बाबू में भी एक घर में दरवाजे की कुंडी तोड़कर पांच हजार रुपये एवं बक्शे में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे। आरोपियों ने बताया कि वह लोग कार से घूमकर विभिन्न क्षेत्रों रेकी करने के बाद घरों में चोरी करते हैं। इसके बाद सोने व चांदी के जेवरात को बहराइच जिले के रहने वाले पांचवें आरोपी आमिर के हाथ बेच देते हैं।गौर थाना क्षेत्र से चोरी किए गए जेवरात 70 हजार में बेचने की बात भी कबूल की। पुलिस से बचने के लिए आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 03:37 IST
Basti News: अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार #BastiNews #SubahSamachar
