Una News: खेल मैदान और श्मशानघाट के लिए पक्के रास्ते का उठा मुद्दा
ऊना। समय : सुबह 10:30 बजे। स्थान : ग्राम पंचायत पंडोगा निचला। ग्राम पंचायत पंडोगा निचला की पहली ग्राम सभा के लिए ग्रामीण एक निजी भवन में पहुंचना शुरू हो चुके हैं। फिलहाल पंचायत का अपना भवन ने होने के कारण ग्राम सभा को एक निजी भवन के हाल में करवाया जा रहा है। गांव के अधिकतर सक्रिय चेहरे मौके पर मौजूद हैं और सभा से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर रहे हैं। ग्राम पंचायत के प्रधान गुरपाल चौधरी और उपप्रधान राकेश कुमार आने वाले लोगों के हस्ताक्षर करवा उनका स्वागत कर रहे हैं। समय : सुबह 11 बजे। ग्राम सभा में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की सहभागिता अधिक नजर आ रही है। महिलाएं कतार में लगकर ग्राम पंचायत के कार्यवाही रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर रही हैं जबकि पुरुषों की कतार नजर नहीं आ रही। पंचायत की ओर से सभी ग्रामीणों के लिए चायपान का बंदोबस्त भी किया गया। समय : दोपहर 12:00 बजे। हर वार्ड के लोग अपने इलाके की मुख्य समस्याओं की चर्चा कर रहे हैं। ग्राम पंचायत पंडोगा के प्रधान गुरपाल चौधरी ने बताया कि हमारी नई पंचायत की पहली ग्राम सभी शानदार रही और कोरम पूरा हुआ। करीब 300 ग्रामीणों ने सभा में उपस्थिति दर्ज कराई है। ग्राम सभा में कुछ जरूरी मुद्दों पर चर्चा हुई और जल्द उस पर कार्य शुरू होगा। इसमें पंचायत का अपना भवन, खेल मैदान, वार्ड-5 के श्मशानघाट के लिए पक्का रास्ता सहित कुछ अन्य मुद्दे शामिल हैं।---मेरे क्षेत्र का सबसे बड़ा मुद्दा श्मशानघाट के लिए पक्के रास्ते का निर्माण करना है। हाल ही में ग्रामीणों ने अपने प्रयासों से वहां रेत-बजरी गिराकर रास्ता चलने लायक किया है। उस रास्ते को पक्का करना हमारा पहला लक्ष्य है। इसको लेकर करीब 200 ग्रामीणों ने एक मांगपत्र पर हस्ताक्षर भी किए हैं।-तरसेम लाल, पंच वार्ड-5 ---अभी ग्राम पंचायत के पास अपना भवन नहीं है। उसको लेकर पंचायत प्रधान व उपप्रधान से चर्चा हुई। ग्राम पंचायत के सफल संचालन के लिए अपना भवन होना अति आवश्यक है और उम्मीद है कि इसको लेकर जल्द जमीन चिह्नित कर निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा। -रामपाल, ग्रामीण ----मोहल्ले के मुख्य रास्ते में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पंचायत से गुहार लगाई गई है कि उसका कोई समाधान निकाला जाए। इससे आवाजाही में काफी परेशानी हो रही और खासकर बच्चों को स्कूल जाने और घर लौटने के लिए गंदे पाने से होकर गुजरना पड़ रहा है।-विजय सैनी, ग्रामीण ----गांव का अपना खेल मैदान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल एकमात्र विकल्प है। गांव में मैदान के लिए जमीन चिह्नित है और युवा इसका लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। पंचायत से आश्वासन मिला है कि इसी वर्ष मैदान की तस्वीर साफ हो जाएगी। -अश्वनी सैनी, स्थानीय निवासी
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 14, 2026, 00:02 IST
Una News: खेल मैदान और श्मशानघाट के लिए पक्के रास्ते का उठा मुद्दा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
