GPM: 24 घंटे में दूसरी बार लगा नेशनल हाईवे 45 पर जाम, फिर सवालों के घेरे में ठेका कंपनी की कार्यशैली
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-45 पर ठेका कंपनी की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिले के कारीआम गांव के पास लगातार रुक रुककर हो रही बारिश के बीच सड़क निर्माण कार्य के दौरान लंबा जाम लग गया। पिछले 24 घंटे में यह दूसरी बार है, जब इसी स्थान पर यातायात घंटों तक बाधित रहा। जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरा मामला नेशनल हाइवे 45 कारीआम गांव के पास का है जहां पर ठेका कंपनी द्वारा बारिश के दौरान सड़क को समतल करने के लिए मिट्टी और मुरुम डाला जा रहा था। लगातार हो रही बारिश से मिट्टी कीचड़ में बदल गई, जिससे सड़क फिसलन भरी हो गई और भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में यात्री बसें, ट्रक, मालवाहक वाहन, निजी कारें और दोपहिया वाहन घंटों तक फंसे रहे। कई यात्रियों को बारिश में ही अपने वाहनों से उतरकर इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेका कंपनी बिना पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के निर्माण कार्य करा रही है। बारिश के मौसम में भी मिट्टी और मुरुम डालकर सड़क को बराबर करने का काम किया जा रहा है, जिससे जाम की स्थिति लगातार बन रही है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और यातायात नियंत्रण की अनदेखी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि नेशनल हाईवे-45 मध्यप्रदेश के जबलपुर से अमरकंटक होते हुए छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रतनपुर, बिलासपुर और रायपुर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों यात्री और मालवाहक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में बार-बार लगने वाला जाम न केवल यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहा है, बल्कि माल परिवहन और आपातकालीन सेवाओं पर भी असर डाल रहा है। लगातार 24 घण्टे में दूसरी बार जाम लगने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से निर्माण कार्य की निगरानी बढ़ाने, बारिश के दौरान सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जाम की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 18:48 IST
GPM: 24 घंटे में दूसरी बार लगा नेशनल हाईवे 45 पर जाम, फिर सवालों के घेरे में ठेका कंपनी की कार्यशैली #CityStates #Gorella-pendra-marwahi #Gpm #SubahSamachar
