जबलपुर: त्रिपुर सुंदरी मंदिर के बाहर दुकानों में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, बाल-बाल बचे लोग
जबलपुर में तेवर त्रिपुर सुंदरी मंदिर के बाहर मंगलवार रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते दुकानों की कतार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग सबसे पहले एक दुकान में लगी और कुछ ही देर में आसपास की दुकानों तक फैल गई। इन दुकानों में पूजा सामग्री, अगरबत्ती, कपड़े और त्योहारों से जुड़ा सामान रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। ये भी पढ़ें:एमपी: दिग्विजय सिंह की अयोध्या यात्रा पर हर्षा रिछारिया का तंज, बोलीं- राम मंदिर निर्माण के समय कहां था उत्साह घटना के समय मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आग फैलती देख लोगों में घबराहट का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और मंदिर समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग को आसपास के इलाके में फैलने से रोका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। आग से दुकानों में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचने का अनुमान है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 21, 2026, 08:37 IST
जबलपुर: त्रिपुर सुंदरी मंदिर के बाहर दुकानों में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, बाल-बाल बचे लोग #CityStates #MadhyaPradesh #Jabalpur #JabalpurFire #TevarTripuraSundariTemple #FireOutsideTemple #FireInShops #FireDepartment #ShortCircuit #MadhyaPradeshNews #SubahSamachar
